त्योहारों से पहले झटका, कमर्शियल सिलेंडर के दाम ₹71.50 तक बढ़े
mahendra india news, new delhi
1 अक्टूबर 2026 को होने वाले बदलावों में एक बड़ा बदलाव कमर्शियल सिलेंडर के रेट को लेकर हुआ है। आज महीने के पहले ही दिन महंगाई का झटका लगा है। बेंचमार्क दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर आज से 62.50 रुपये महंगा मिलेगा। दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर पिछले महीने सितंबर में 9.50 रुपये महंगा होकर 2747.50 रुपये का हुआ था। अब आज 1 अक्टूबर को 62.50 रुपये महंगा होकर 2810 रुपये का हो गया है। जबकि, पटना में यह सिलेंडर 71.50 रुपये महंगा हुआ है, एलपीजी सिलेंडर आज भी सबसे महंगा लेह में है। यहां घरेलू रसोई गैस की कीमत 1179 रुपये है। जबकि, कमर्शियल सिलेंडर अब 3385.5 रुपये की जगह 3450 रुपये का मिलेगा। यहां कमर्शियल के रेट में 64.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
इंडियन ऑयल पर दिए गए नए रेट के अनुसार चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर अब 2983 रुपये का हो गया है। सितंबर में 2916.50 रुपये का था। यहां घरेलू सिलेंडर की कीमत 957.5 रुपये है। मुंबई में कमर्शियल 2,701 रुपये से 63 रुपये महंगा होकर अब 2764 रुपये का हो गया है। घरेलू अभी 941.5 रुपये पर ही टिका है।
अहमदाबाद में कमर्शियल सिलेंडर अब 2831.50 रुपये का हो गया जबकि, घरेलू सिलेंडर 949 रुपये पर स्थिर है। कन्याकुमारी में आज से कमर्शियल सिलेंडर 3046 रुपये का हो गया है। जबकि घरेलू सिलेंडर का रेट पहले की तरह 1026 रुपये ही है।