जेसीडी विद्यापीठ में एम-फिएस्टा 2026 का आगाज, नृत्य, संगीत व फाइन आर्ट प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

 
M Fiesta 2026 begins at JCD University; students showcase their talent in dance, music and fine arts competitions
 
mahendra indiia news, new delhi 
                                                                                                                                                                          जेसीडी विद्यापीठ के जेसीडी इंस्टिट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में दो दिवसीय ग्रैंड मैनेजमेंट फेस्ट एम-फिएस्टा 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ।

मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. विजय कुमार, कुलपति, चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा और विश्वविद्यालय के फिजिकल एजुकेशन विभाग के प्रो. डॉ. ईश्वर मलिक ने महानिदेशक डॉ. जयप्रकाश के साथ हरी झंडी दिखाकर एम-फिएस्टा 2026 का शुभारंभ  किया।


कार्यक्रम के पहले दिन सुबह ऑफ-रोडिंग गतिविधि एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।

ऑफ-रोडिंग गतिविधि में फॉर्च्यूनर, गुरखा, जिम्नी, जिप्सी,
 मेजर जीप, थार और बोलेरो जैसी दमदार गाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से रोमांचक ऑफ-रोडिंग का अद्भुत नजारा प्रस्तुत किया।
प्रतियोगियों ने कठिन रास्तों और बाधाओं को पार करते हुए अपनी तकनीक और साहस का लोहा मनवाया, जिससे यह गतिविधि सबसे रोमांचक हिस्सों में से एक बन गई।

इसके पश्चात फाइन आर्ट्स प्रतियोगिताएं, नृत्य, संगीत तथा विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित हुईं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जयप्रकाश, महानिदेशक, जेसीडी विद्यापीठ ने की।
इस अवसर पर जेसीडी विद्यापीठ के कुलसचिव डॉ. सुधांशु गुप्ता सहित सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


इस अवसर पर महानिदेशक डॉ. जयप्रकाश ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में सीखने की ललक पैदा करना संस्थान का मुख्य उद्देश्य है और इस प्रकार के आयोजन उनकी प्रतिभा को निखारने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं और उनमें आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन व समर्पण के साथ भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी कहा कि ऑफ-रोडिंग हमें सिखाता है कि जीवन में भी ऐसी ही कठिनाइयां आती हैं, जैसी ऑफ-रोडिंग के दौरान सामने आती हैं, और हमें उन कठिनाइयों को पार करके अपना रास्ता स्वयं बनाना पड़ता है।
डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध पंजाबी सूफी गायक कंवर ग्रेवाल अपनी सुरमयी प्रस्तुति देंगे।
मुख्य अतिथि डॉ. विजय कुमार ने जेसीडी विद्यापीठ की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने विद्यापीठ के अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों की भी प्रशंसा की।
उन्होंने डॉ. जयप्रकाश एवं उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है। डॉ. विजय कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से मैनेजमेंट के विद्यार्थी प्रबंधन संबंधी ज्ञान के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता भी विकसित करेंगे।
उन्होंने ऑफ-रोडिंग शो को बेहद आकर्षक और रोमांचक बताते हुए कहा कि पहली बार इस तरह के आयोजन का अनुभव करने वाले छात्रों के लिए यह किसी उत्सव से कम नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में 5सी   कैरेक्टर, क्रिएटिविटी, कॉम्पिटेंस, कम्पैशन और कॉन्शसनेस  पर विशेष रूप से कार्य करने की सलाह दी। उनका कहना था कि इन मूल्यों को अपनाने से सही दिशा-निर्देशन मिलता है और जीवन में अनुशासन विकसित होता है।
अंत में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अनुभव विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं।
दो दिवसीय इस आयोजन में सिरसा एवं फतेहाबाद के विभिन्न कॉलेजों के लगभग  700 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
 फेस्ट को तीन भागों सांस्कृतिक, फाइन आर्ट्स एवं खेल प्रतियोगिताओं में विभाजित किया गया है।

इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को जीवंत और उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के समूह गान से हुई, जिसके बाद ऊर्जावान भांगड़ा, एकल नृत्य, विभिन्न अकादमियों की आकर्षक प्रस्तुतियां और एकल गायन ने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं। रिहैबिलिटेशन स्कूल के बच्चों ने अपनी भावपूर्ण समूह नृत्य प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया, जिस पर दर्शकों ने जोरदार तालियों की गूंज से उनका उत्साहवर्धन किया। बी.एड. कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत हरियाणवी नृत्य भी खास आकर्षण का केंद्र रहा।

इसके उपरांत आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। एकल गायन और रैप बैटल जैसी प्रस्तुतियों ने जहां प्रतिभा को मंच दिया, वहीं फाइन आर्ट्स और मसल पावर के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों हेयर स्टाइलिंग, बिना आग के खाना बनाना, नींबू दौड़, रस्साकशी, नेल आर्ट, डेडलिफ्ट, मेहंदी, कैरम, रंगोली और स्लो स्पीड जोम्बीज (धीमी गति स्कूटी/बाइक रेस) में भी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।


मुख्य अतिथि ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। प्रातःकालीन कार्यक्रम के अंत में महानिदेशक डॉ. जयप्रकाश ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।