CDLU SIRSA के विद्यार्थियों ने ओहम् सिने गार्डन में फ़िल्म ‘बॉर्डर-2’ देखी
Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज़ के बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग द्वारा अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यार्थियों के लिए एक शैक्षणिक गतिविधि का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्थानीय ओहम् सिने गार्डन में फ़िल्म ‘बॉर्डर-2’ देखी, जिसे प्रबंधन सिद्धांतों को समझने हेतु एक जीवंत केस स्टडी के रूप में प्रस्तुत किया गया।
इस शैक्षणिक पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, टीम समन्वय, रणनीतिक योजना एवं संकट प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण प्रबंधन पहलुओं की व्यावहारिक समझ प्रदान करना था। विश्वविद्यालय के माननीय कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने वास्तविक परिस्थितियों में निर्णय लेने और टीम वर्क के महत्व को समझा।
इस अवसर पर डीन, यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज प्रो. मोहम्मद काशिफ किदवई ने सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव के महत्व पर बल देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होती हैं। विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद काशिफ ने बताया कि फिल्म आधारित शिक्षण पद्धति विद्यार्थियों की विश्लेषणात्मक सोच को सुदृढ़ करती है और प्रबंधन के सिद्धांतों को प्रभावी ढंग से आत्मसात करने में मदद करती है।