हरियाणा के गांव में मंदिर निर्माण को लेकर दो पक्षों में झगड़े के बाद चले ईंट पत्थर, 12 लोग घायल
हरियाणा प्रदेश के महेंद्रगढ़ जिला के गांव जाटवास में चल रहे मंदिर निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच शनिवार को विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले। इससे दोनों पक्षों से 12 व्यक्ति घायल हो गए। जानकारी के अनुसार पता चला है कहासुनी के साथ शुरू हुआ यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हालांकि अभी तक पुलिस को किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। तनावपूर्ण हालातों को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती गांव में कर दी गई है।
गांव के ग्रामीणों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले, इससे एरिया में हडक़ंप मच गया। एक पक्ष मंदिर निर्माण कार्य में जुटा हुआ था, जबकि दूसरा पक्ष विरोध कर रहा था। इसी दौरान आपस में दोनों पक्षों की कहासुनी बढ़ते-बढ़ते झगड़े में बदल गई। इसके बाद दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। इस झगड़े के दौरान 12 लोग घायल हो गए।
इसे बाद घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया जबकि कुछ की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस आपसी विवाद के दौरान निर्माणाधीन मंदिर की मूर्ति खंडित करने के भी आरोप एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार बता दें कि करीबन एक माह पूर्व भी इस मंदिर निर्माण को लेकर आपस में दोनों पक्ष पहले भी आमने-सामने आ चुके हैं। शहर थाना पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। नारनौल पुलिस लाइन से भी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।