चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग में एमबीए पाठ्यक्रम में 120 सीटें
Mahendra india news, new delhi
आज के प्रतिस्पर्धी दौर में जहां गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा और उद्योग आधारित प्रशिक्षण सफलता की कुंजी बन चुके हैं, वहीं चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा का बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार और नेतृत्व के अवसर भी प्रदान कर रहा है। वर्ष 2003 से उत्कृष्ट प्रबंधन शिक्षा का केंद्र बना यह विभाग अपने विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण, व्यावहारिक अनुभव और उद्योग जगत से सीधे जुड़ाव के माध्यम से सफल करियर की दिशा में अग्रसर कर रहा है।
विभाग के विद्यार्थियों की प्रतिष्ठित कंपनियों में नियुक्तियां, यूजीसी-नेट जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में सफलता तथा नियमित औद्योगिक भ्रमण इसकी उपलब्धियों को नई पहचान दे रहे हैं। एमबीए की पढ़ाई के साथ प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार, उद्योगों का व्यावहारिक अनुभव और आधुनिक शिक्षण सुविधाएं इन सभी अवसरों का संगम बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और उज्ज्वल करियर के नए द्वार खोलने का अवसर प्रदान कर रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर संजीत कुमार ने बताया कि विभाग का विजन व्यवसाय, समाज एवं राष्ट्र के विकास के लिए प्रबंधन शिक्षा और अनुसंधान में उत्कृष्टता स्थापित करना है। वहीं विभाग का मिशन वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रबंधन ज्ञान का सृजन एवं प्रसार करना तथा ऐसे नैतिक नेतृत्वकर्ताओं का निर्माण करना है जो परिवर्तन और चुनौतियों का प्रभावी ढंग से प्रबंधन कर सकें।
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा का बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग में एमबीए पाठ्यक्रम में 120 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि पीएच.डी. कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। विभाग में मार्केटिंग मैनेजमेंट, इंटरनेशनल बिजनेस, ग्रामीण एवं शहरी प्रबंधन, बैंक एवं इंश्योरेंस मैनेजमेंट, सूचना प्रौद्योगिकी प्रबंधन, मानव संसाधन प्रबंधन, फाइनेंशियल मैनेजमेंट तथा एग्री-बिजनेस मैनेजमेंट जैसे रोजगारपरक एवं समकालीन विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि एमबीए अंतिम वर्ष के छात्र दीपांशु ने यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर विभाग का नाम गौरवान्वित किया है। इसके अतिरिक्त विभाग के तीन विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान ही विभिन्न कंपनियों में रोजगार प्राप्त हुआ तथा उन्होंने इन-कंपनी प्रोजेक्ट के माध्यम से अपनी पढ़ाई भी जारी रखी।
विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जोड़ने के उद्देश्य से विभाग द्वारा समय-समय पर औद्योगिक भ्रमण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। एमबीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने 18 नवंबर 2025 को कोका-कोला हैप्पीनेस फैक्ट्री, मून बेवरेजेज लिमिटेड, ग्रेटर नोएडा तथा 16 मार्च 2026 को लवली एग्रो प्रोडक्ट्स, कालांवाली का औद्योगिक भ्रमण किया। इसके अलावा विभाग द्वारा 16 अप्रैल 2026 को वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। विभाग में विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिनमें विभागीय पुस्तकालय, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल, आईसीटी आधारित कक्षाएं, लेक्चर थिएटर, सेमिनार हॉल एवं एट्रियम शामिल हैं। विभाग में व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुख शिक्षा पर विशेष बल दिया जाता है।
विभाग के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार प्राप्त कर विभाग की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विद्यार्थियों का चयन याकूजा ई-व्हीकल्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, श्रीय बुल्स प्राइवेट लिमिटेड गुरुग्राम तथा ग्रेट फ्यूचर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियों में एचआर असिस्टेंट, सेल्स एग्जीक्यूटिव, बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव एवं एकाउंट्स असिस्टेंट जैसे पदों पर हुआ है।