12वीं के छात्रों ने घात लगाकर अध्यापक को डंडों से पीटा; पीजीआई रैफर, केस दर्ज

 
mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश के कैथल जिला के बालू गांव में 12वीं कक्षा के 3 छात्रों ने अपने ही शिक्षक का रास्ता रोककर डंडों से हमला कर दिया, इससे अध्यापक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार इस हमले में शिक्षक के एक हाथ की हड्डी बुरी तरह टूट गई। हमला, सिर, कमर और बाजू पर किया गया। अनुशासन बनाए रखने की कोशिश एक अध्यापक पर भारी पड़ गई। 


बताया जा रहा है कि अध्यापक पर हमले के दौरान अन्य राहगीरों के आने पर आरोपी किशोर वहां से भाग गए, लेकिन जाते-जाते शिक्षक को जान से मारने की धमकी भी दे गये। घटना के बाद पीड़ित अध्यापक ने कलायत थाना में शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने तीनों किशोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 


जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता गांव बालू निवासी जगबीर सिंह ने बताया कि वह एक निजी स्कूल में शिक्षक के तौर पर कार्यरत हंै। 27 अप्रैल को वह स्कूल में एडमिशन के सिलसिले में डेमो क्लास ले रहे थे जिसमें 5 से 7 छात्र मौजूद थे। इसी दौरान 2 किशोर छात्र लगातार शोर-मचा रहे थे। जब उन्होंने इन छात्रों को शांत रहने और अनुशासन बनाए रखने के लिए कहा, तो उन्होंने न केवल बात मानने से इंकार कर दिया, बल्कि खुलेआम चुनौती देते हुए कहा कि वे ऐसे ही शोर करेंगे और उन्हें जो करना है कर लें। इतना ही नहीं, छात्रों ने स्कूल छुट्टी के बाद बाहर देख लेने की धमकी भी दी थी।

 
 घेरकर किया हमला
शिक्षक जगबीर ने बताया कि कक्षा के बाद स्कूल की छुट्टी होने पर अपनी बाइक से गांव लौट रहा था। जब कलायत से चौशाला रोड पर स्थित एक शराब ठेके के पास पहुंचे, तो पहले से घात लगाए बैठे दोनों किशोरों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रास्ता रोक लिया। तीनों आरोपियों ने डंडों से हमला कर दिया।

हमलावरों ने उनके सिर, कमर और बाजू पर लगातार वार किए, जिससे वह सडक़ पर गिरकर बेहोश हो गए। राहगीरों ने उन्हें बेहोशी की हालत में देखा और एक निजी स्कूल बस की सहायता से कलायत के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला सामान्य अस्पताल रेफर किया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया गया।

कलायत पुलिस थाना के जांच अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि अध्यापक की शिकायत के आधार पर 3 किशोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।