1962 मोबाइल वेटरनरी सेवा सिरसा के पशुपालकों के लिए जीवनरक्षक पहल: डा. संदीप सिंह
mahendra india news, new delhi
सिरसा जिले में पशुपालकों के लिए 1962 मोबाइल वेटरनरी सेवा किसी वरदान से कम नहीं है। फरवरी 2024 के अंतिम सप्ताह में शुरू की गई इस सुविधा के अंतर्गत जिले में 5 मोबाइल वेटरनरी यूनिट्स कार्यरत हैं। शुरूआत से अब तक इन एंबुलेंसों ने 26929 से अधिक पशुओं का उपचार कर ग्रामीण पशुपालकों को त्वरित राहत प्रदान की है।
जानकारी देते हुए डा. संदीप सिंह जीवीएच रानियां ने बताया कि गांव-गांव जाकर इस सुविधा के बारे में लोगों को बताया जा रहा है और आने वाली बीमारी के रोकथाम के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि पशुपालक सचेत रहें और उन्हें फायदा हो। उन्होंने बताया कि यह सेवा हरियाणा सरकार एवं पशुपालन एवं डेयरी विभाग की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत एक निजी सेवा प्रदाता कंपनी द्वारा संचालित किया जा रहा है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले पशुपालकों के लिए 1962 मोबाइल वेटरनरी सेवा न केवल एक स्वास्थ्य सुविधा है, बल्कि यह उनकी आजीविका की सुरक्षा का मजबूत आधार भी बन रही है। सरकार और सेवा कर्मियों के समर्पित प्रयासों से यह योजना हरियाणा में पशु कल्याण और ग्रामीण विकास का प्रभावी उदाहरण बनकर उभर रही है।