CDLU के बहुउदेशीय हाल में 2 दिवसीय टैलेंट हंट कम्पटीशन का शुभारंभ

 

mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के युवा कल्याण निदेशालय द्वारा सोमवार को विश्वविद्यालय के बहुउदेशीय हाल में दो दिवसीय टैलेंट हंट कम्पटीशन का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। पहले दिन छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणवी डांस, कंटेम्पररी डांस, जनरल क्विज़, हिन्दी व अंग्रेज़ी भाषण, मिमिक्री तथा मोनो एक्टिंग जैसी विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में भाग लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार रहे, जबकि विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ सुनील कुमार व छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. राजकुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

यह कार्यक्रम विकसित भारत युवा कनेक्ट प्रोग्राम, नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत व एक भारत श्रेष्ठ भारत थीम पर आधारित है।
मुख्य अतिथि प्रो. विजय कुमार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने छात्रों को सांस्कृतिक, बौद्धिक और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि टैलेंट हंट जैसी गतिविधियाँ छात्रों की सर्वांगीण विकास यात्रा में अत्यंत सहायक होती हैं और उन्हें मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत होने का अवसर देती हैं। कुलसचिव डॉ सुनील कुमार ने कहा कि टैलेंट हंट प्रतियोगिता विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने में अहम भूमिका निभाती है।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. राजकुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा अपनी प्रतिभा के बल पर समाज और राष्ट्र को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से पूरे उत्साह और लगन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का स्वागत युवा कल्याण निदेशक प्रो. सेवा सिंह बाजवा ने किया। प्रतियोगिताओं  में छात्रों का उत्साह देखते ही बनता था और पूरे वातावरण में जोश एवं उमंग का माहौल रहा। इस अवसर पर प्रो. उमेद सिंह, प्रो. रणजीत कौर, प्रो. निवेदिता, डॉ रोहतास, गुरसाहिब सिंह आदि उपस्थित थे।