सिरसा ओपन स्केटिंग चैंपियनशिप में 300 खिलाड़ियों ने दिखाया दम, अंडर-6 में मेवान और अंडर-8 में हरजोत प्रथम
mahendra india news, new delhi
यू मी फिटनैस क्लब की ओर से द आर्यन स्कूल सिरसा में 5वीं ओपन स्केटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। क्लब की निदेशिका डा. रवीना ने बताया कि इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के 300 होनहार स्केटरों ने हिस्सा लिया और स्केटिंग ट्रैक के साथ-साथ रैंप पर भी अपनी रफ्तार का जबरदस्त जलवा बिखेरा। चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था। विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों और युवाओं ने स्केटिंग के मुश्किल करतब दिखाकर उपस्थित दर्शकों और खेल प्रेमियों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।
कड़े मुकाबले और रफ्तार का रोमांच:
निदेशिका डा. रवीना ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए इसे अलग-अलग आयु वर्ग में विभाजित किया गया था। ट्रैक पर जैसे ही रेस शुरू होती, स्केटर हवा से बातें करते नजर आते। रैंप पर संतुलन और रफ्तार के बेहतरीन तालमेल ने मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया। कई कड़े मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच जीत-हार का अंतर महज कुछ सेकंड्स का रहा। निदेशिका ने बताया कि अंडर-6 में मेवान प्रथम, कुंवरपाल द्वितीय व मौलिक तीसरे स्थान पर रहा। इसी प्रकार अंडर-8 में हरजोत प्रथम, कीर्ति द्वितीय व प्रगण्या तीसरे स्थान पर रहीं।
समापन समारोह के दौरान विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। निदेशिका डा. रवीना ने कहा कि आज के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। स्केटिंग न सिर्फ एक बेहतरीन खेल है, बल्कि यह शारीरिक फिटनेस और मानसिक एकाग्रता को भी बढ़ाता है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के छिपे हुए खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच मिलता है।