जेसीडी विद्यापीठ, सिरसा में जननायक चौ. देवीलाल जी की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 6 अप्रैल को भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन
mahednra india news, news delhi
:जेसीडी विद्यापीठ, सिरसा द्वारा जननायक चौ. देवीलाल जी की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 6 अप्रैल 2026 (सोमवार) को एक भव्य सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर पुष्पांजलि, पौधारोपण, हवन यज्ञ एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं मानवता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) जय प्रकाश, महानिदेशक, जेसीडी विद्यापीठ, सिरसा द्वारा की जाएगी। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. गोविंद गुप्ता, पूर्व निदेशक, स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अतिरिक्त विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. वेद बेनीवाल, चेयरमैन, शिव शक्ति ब्लड बैंक तथा श्री लाल बहादुर, सचिव, रेड क्रॉस सोसायटी भी उपस्थित रहेंगे।
रक्तदान शिविर में रक्त संग्रहण का कार्य शिव शक्ति ब्लड बैंक की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया जाएगा, जिससे सभी रक्तदाताओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित सुविधा प्रदान की जा सके। शिविर के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और आधुनिक उपकरणों व प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इस कार्यक्रम के संयोजक डॉ. वरिन्दर सिंह, प्राचार्य, जेसीडी इंजीनियरिंग कॉलेज हैं, जिनके मार्गदर्शन में समस्त व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से की गई हैं।
जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जय प्रकाश ने बताया कि यह शिविर “रक्तदान — जीवन दान” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। रक्तदान एक महान कार्य है, जिससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण एवं हवन यज्ञ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं आध्यात्मिक जागरूकता का भी संदेश दिया जाएगा। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं आम जनता से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
जेसीडी विद्यापीठ के चेयरमैन अर्जुन सिंह चौटाला ने बताया कि जेसीडी विद्यापीठ सदैव सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में अग्रणी रहा है और इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ करता रहा है।