संगम स्कूल भरोखां में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत हेतु भव्य फ्रेशर्स मीट आयोजित 

 


सिरसा। गांव भरोखां स्थित संगम स्कूल में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए अत्यंत हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में फ्रेशर्स मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों को विद्यालय के वातावरण से परिचित करवाना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा विद्यालय परिवार के साथ अपनत्व की भावना स्थापित करना था। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, आकर्षक सजावट एवं मनमोहक कलात्मक सामग्री से विशेष रूप से सजाया गया, जिससे विद्यालय का वातावरण उत्सवमय दिखाई दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के मुख्य अध्यापक छगन सेठी द्वारा नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने गुरुजनों एवं अभिभावकों का सम्मान करने तथा जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार प्रत्येक विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव समर्पित है तथा बच्चों के उज्ज्वल एवं सुनहरे भविष्य की कामना की। इसके उपरांत शिक्षा समिति की सचिव सुनीता सेठी ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर एवं स्नेहपूर्वक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार सभी बच्चों को अपने परिवार का सदस्य मानता है तथा उनके शैक्षणिक, मानसिक और नैतिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहता है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा एवं संस्कार निर्माण में विद्यालय का सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान नर्सरी एवं प्राईमरी कक्षाओं की अध्यापिकाओं ने छोटे बच्चों के साथ मिलकर केक कटवाया और बच्चों को मिठाइयां वितरित कर खुशी सांझा की। छोटे-छोटे बच्चों की मासूम मुस्कान, उत्साह और चहकते चेहरे पूरे कार्यक्रम की विशेष आकर्षण बने रहे। अध्यापिकाओं ने बच्चों को खेल-खेल में विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों, कक्षाओं और अनुशासन संबंधी बातों से परिचित करवाया, जिससे बच्चों में विद्यालय के प्रति आत्मीयता और उत्सुकता दिखाई दी। विद्यालय स्टाफ सदस्यों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, पढ़ाई में रुचि लेने तथा सांस्कृतिक, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को उपहार, टॉफियां एवं आकर्षक सामग्री वितरित की गई। पूरा आयोजन अत्यंत आनंदमय, सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। इस फ्रेशर्स मीट ने नवागंतुक विद्यार्थियों के मन में विद्यालय के प्रति सकारात्मक भावना, आत्मविश्वास और अपनत्व का भाव उत्पन्न किया। विद्यालय परिवार द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत से बच्चे एवं अभिभावक दोनों अत्यंत प्रसन्न दिखाई दिए।