श्री खाटू श्याम पैदल यात्री संघ का जत्था खाटू धाम के लिए रवाना
mahendra india news, new delhi
सिरसा नोहरिया बाजार स्थित प्राचीन श्री श्याम मंदिर से शनिवार को श्री खाटू श्याम पैदल यात्री संघ का जत्था श्रद्धा और उत्साह के साथ खाटू धाम के लिए रवाना हुआ। रवानगी से पूर्व मंदिर प्रांगण में सभी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भजनों, कीर्तन और हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा के गूंजते जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्री खाटू श्याम पैदल यात्री संघ के प्रधान अमित बंसल ने बताया कि यह जत्था लगभग दस दिनों की पैदल यात्रा पूरी कर खाटू धाम पहुंचेगा। वहां बाबा श्याम के दर्शन कर श्रद्धालु सकुशल वापसी करेंगे। उन्होंने कहा कि संघ द्वारा प्रतिवर्ष यह यात्रा आयोजित की जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। यात्रा का उद्देश्य केवल दर्शन ही नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना भी है।
रवानगी के समय भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु सिर पर ध्वज और कंधों पर निशान लेकर बाबा श्याम की धमाल गाते हुए आगे बढ़े। यात्रा के दौरान श्रद्धालु नियमों का पालन करते हुए एकजुट होकर चलते हैं और रास्ते में सेवा कार्य भी करते हैं। भक्तों का मानना है कि सच्चे मन से की गई पैदल यात्रा से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी विश्वास और अटूट आस्था के साथ यह जत्था बाबा श्याम के दरबार की ओर रवाना हुआ।