लाइव क्लासेज के विद्यार्थियों का दल सालासर व मोदी यूनिवर्सिटी टूर के लिए रवाना, BJP नेता भूपेश मेहता ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
mahendra india news, new delhi
लाइव क्लासेज की ओर से विद्यार्थियों के लिए सालासर धाम एवं मोदी यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक एवं धार्मिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता भूपेश मेहता ने विद्यार्थियों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने विद्यार्थियों को यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन के विभिन्न पहलुओं से परिचित करवाना भी जरूरी है। इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुभव और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भूपेश मेहता ने कहा कि शैक्षणिक टूर के माध्यम से विद्यार्थियों को नई जगहों, वहां की संस्कृति और शैक्षणिक वातावरण को करीब से जानने का अवसर मिलता है। मोदी यूनिवर्सिटी का भ्रमण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और विश्वविद्यालय के माहौल से परिचित करवाने में सहायक रहेगा।
वहीं सालासर धाम की यात्रा से विद्यार्थियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को समझने तथा आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ इस तरह की गतिविधियां भी आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आपसी सहयोग, अनुशासन, सामूहिक भावना और नई चीजें सीखने की जिज्ञासा को बढ़ावा देते हैं। यात्रा के दौरान विद्यार्थी मनोरंजन के साथ-साथ कई उपयोगी अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर इंजीनियर अनिल चौधरी, प्रियंका चौधरी, तपन सोनी और मोनिका सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को सफल एवं मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।