सिरसा में झगड़े के बाद मजदूर की ईंट से पीट-पीटकर हत्या, टाइल फैक्ट्री में करता था काम 

 
mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश के सिरसा जिला में बड़ी वारदात सामने आई है। जहां पर झगड़े के बाद एक मजदूर की ईंट से पीट पीटकर हत्या कर दी गई। घटना रोड़ी थाना क्षेत्र में बीती रात्रि की है। जहां पर शराब के नशे में हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि जब एक मजदूर ने दूसरे मजदूर की ईंट से सिर पर वार कर मर्डर कर दिया। आरोपित की पहचान सुरतिया गांव निवासी रवि उर्फ कालू के रूप में हुई है।


इस घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है। इसी के साथ ही पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से यूपी का निवासी था। जो पिछले काफी वक्त से सुरतिया क्षेत्र में रहकर मजदूरी कर रहा था। 
सुरतिया रोड स्थित बालाजी टाइल फैक्ट्री में कार्य करने वाले दोनों मजदूर मंगलवार रात्रि एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। 

इसके बाद तो विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपित रवि उर्फ कालू ने फैक्ट्री परिसर में पड़ी ईंट (इंटरलाक टाइल ) उठाकर देवेंद्र कुमार पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। आरोपित ने देवेंद्र के सिर पर करीबन 12 से 13 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया और अपने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने फैक्ट्री के मालिक को अवगत करवाया।

जब तक मौके पर पहुंचकर देवेंद्र को संभालने का प्रयास किया गया, उसकी मौत हो चुकी थी। इस वारदात की सूचना मिलते ही रोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को कब्जे में लिया। फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है।