बदलते मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट! झमाझम बरसात के साथ, कोहरे और शीतलहर की चेतावनी
मौसम में पिछले कई दिनों से तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम में कल मंगलवार यानि 16 दिसंबर 2025 को भी बदलाव रहेगा। हरियाणा, उत्तरी मध्य प्रदेश तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे इलाकों में निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वोत्तर देश के कुछ एरिया में 16 से 20 दिसंबर के बीच सुबह के वक्त घने कोहरे की स्थिति बन सकती है। इसी तरह हिमाचल प्रदेश में 16 दिसंबर से 18 दिसंबर के दौरान सुबह के वक्त घना कोहरा छाए रहने की प्रबल आशंका जताई गई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 16 दिसंबर और 17 दिसंबर को तडक़े और सुबह के समय घने कोहरे की उम्मीद है। वहीं यूपी के कुछ एरिया में 16 दिसंबर और 17 दिसंबर को तथा मध्य प्रदेश में 16 से 18 दिसंबर के दौरान सुबह के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में 16 दिसंबर को और मध्य प्रदेश में 16 और 17 दिसंबर को अत्यधिक घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में कल मंगलवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। सुबह के समय अधिकांश इलाकों में मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है। दिन के दौरान सतही हवाओं की रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है।
राजस्थान में आने वाले दिनों का मौसम
राजस्थान प्रदेश में एक बार फिर गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से संभावित बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं मेवाड़ सहित पूरे प्रदेश की ओर बढ़ सकती हैं, जिससे शीतलहर की स्थिति बनने के आसार हैं।
आने वाले दिनों में तापमान का हाल
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद आने वाले चार दिनों में तापमान में फिर से लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।