नाथूसरी चौपटा में किसानों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, रघुबीर कड़वासरा को प्रधान किया नियुक्ति
mahendra india news, new delhi
नहरों में दो सप्ताह पानी देने, डीएपी-यूरिया की उपलब्धता और रवि आजाद मामले की सीबीआई जांच की उठाई मांग
शिव मंदिर धर्मशाला नाथूसरी चौपटा में सोमवार को सामाजिक व किसान संगठनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की जिम्मेदारी सौंपते हुए समाजसेवी रघुबीर कड़वासरा को चौपटा खंड का प्रधान और राकेश पूनिया को उपप्रधान नियुक्त किया गया। इसके बाद किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चौपटा के तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
बैठक में किसानों ने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई के लिए पर्याप्त नहरी पानी नहीं मिल रहा है। पहले नहरों में दो सप्ताह तक पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन अब यह अवधि घटाकर एक सप्ताह कर दी गई है। इससे किसानों को फसलों की सिंचाई करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि पानी की कमी के कारण पीने के पानी की समस्या भी सामने आ रही है। किसानों ने मांग की कि नहरों में पहले की तरह दो सप्ताह तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
डीएपी और यूरिया खाद की उपलब्धता का मुद्दा उठाया
किसानों ने डीएपी और यूरिया खाद की कमी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि खाद लेने के लिए किसानों को खरीद केंद्रों पर सुबह से शाम तक लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक में किसान नेता रवि आजाद से जुड़े मामले की सीबीआई से जांच करवाने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा क्षेत्र में बढ़ते नशे पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करने पर जोर दिया गया।
गांवों में नशा रोकने के लिए बनेंगी कमेटियां
बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव-गांव में नशे की रोकथाम के लिए कमेटियां बनाई जाएंगी। इन कमेटियों के माध्यम से ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर किसान नेता प्रकाश मेमरा, समाजसेवी रघुबीर कड़वासरा, रणधीर जोधका, जय सिंह मंडा, जगदीश चाडीवाल, जगतपाल चाहरवाला, पूर्व सरपंच धनराज, अभिमन्यु सहारण, वेदप्रकाश ढिल्लो, संदीप कासनियां, अजय सिंह बैनीवाल, धर्म बगडिया, रामकुमार पोहडक़ा, दूलीचंद, सतपाल शाहपुरिया, महेंद्र सिंह, देवीलाल लुदेसर, वेद सहारण, सतवीर पूनिया, सुबे सिंह लुदेसर, विजय सिंह और विपिन ढिल्लो सहित अन्य लोग मौजूद रहे।