गांवों में डिजिटल क्रांति की नई शुरुआत, बीएसएनएल का 259 रुपये वाला ब्रॉडबैंड प्लान लॉन्च
mahendra india news, new delhi
सिरसा
ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को नई गति देने के उद्देश्य से भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने भारत नेट उद्यमी योजना के तहत मात्र 259 रुपये प्रतिमाह का किफायती ब्रॉडबैंड प्लान शुरू किया है। इस योजना के माध्यम से गांवों के परिवारों तक तेज और भरोसेमंद इंटरनेट सुविधा पहुंचाने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। बीएसएनएल का यह विशेष अभियान 19 जून से शुरू हो चुका है और शुरूआती तीन माह तक संचालित किया जाएगा। बीएसएनएल के सिरसा मंडल अभियंता जोगिंद्र सिंह ने बताया कि एंट्री लेवल ब्रॉडबैंड प्लान विशेष रूप से भारत नेट नेटवर्क से जुड़े ग्रामीण परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य गांवों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा, कृषि, व्यापार और सरकारी सेवाओं को आॅनलाइन माध्यम से अधिक सुलभ बनाना है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत तेजी से डिजिटल हो रहा है और ऐसे समय में सस्ती इंटरनेट सेवा गांवों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत विद्यार्थियों को आॅनलाइन पढ़ाई के लिए बेहतर इंटरनेट मिलेगा, जिससे डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। वहीं किसान कृषि संबंधी पोर्टल, मौसम की जानकारी, सरकारी योजनाओं और आॅनलाइन बाजारों से जुड़ सकेंगे। छोटे व्यापारी और ग्रामीण उद्यमी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने कारोबार का विस्तार कर सकेंगे, जबकि आम नागरिकों को ई-गवर्नेंस सेवाओं, आॅनलाइन दस्तावेजों और विभिन्न सरकारी पोर्टलों का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
प्लान में मिलेंगी कई सुविधाएं
जोगिंद्र सिंह ने बताया कि 259 रुपये प्रतिमाह के इस प्लान में उपभोक्ताओं को 25 एमबीपीएस तक की हाई-स्पीड इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ 700 जीबी डेटा, देशभर में सभी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, मुफ्त इंस्टालेशन, मॉडेम की सुविधा तथा वेव्स ओटीटी सेवा भी दी जाएगी। उनका कहना है कि कम कीमत में उपलब्ध कराई जा रही ये सुविधाएं ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए काफी लाभदायक साबित होंगी।
- कई माध्यमों से मिलेगा नया कनेक्शन
बीएसएनएल के अनुसार इच्छुक उपभोक्ता अपने नजदीकी भारत नेट उद्यमी, ग्राहक सेवा केंद्र, बीएसएनएल के सेल्फ केयर ऐप, आधिकारिक वेबसाइट तथा व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से नया कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को डिजिटल नेटवर्क से जोड़ना है, ताकि इंटरनेट सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
भारत नेट उद्यमी योजना के तहत स्थानीय युवाओं को उद्यमी के रूप में जोड़ा जा रहा है। ये उद्यमी गांवों में ब्रॉडबैंड कनेक्शन उपलब्ध कराने, उपभोक्ताओं को तकनीकी सहायता देने और सेवा विस्तार का कार्य करेंगे। इससे गांवों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
1.50 करोड़ कनेक्शन देने का लक्ष्य
बीएसएनएल अधिकारियों के अनुसार केंद्र सरकार का लक्ष्य भारत नेट परियोजना के माध्यम से देशभर के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 1.50 करोड़ ब्रॉडबैंड कनेक्शन उपलब्ध कराना है। इसके तहत डिजिटल इंडिया अभियान को गांव-गांव तक मजबूत किया जा रहा है। वहीं सिरसा के ग्रामीण एरिया में 6 हजार ब्रॉडबैंड कनेक्शन उपलब्ध कराना है।
सिरसा में मजबूत है बीएसएनएल नेटवर्क
बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि सिरसा जिले में वर्तमान में 4जी नेटवर्क पूरी तरह उपलब्ध है। जिले में बीएसएनएल के 144 टॉवर कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से दूरसंचार सेवाओं को मजबूत बनाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में ब्रॉडबैंड और मोबाइल नेटवर्क का और अधिक विस्तार किया जाएगा, जिससे डिजिटल सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। साथ ही जल्द ही जिले में 5जी नेटवर्क की शुरूआत होने वाली है।