पिकअप ने मोटरसाईकिल के मारी टक्कर, पिता और 3 बेटियों की मौत; पत्नी की हालत गंभीर
हरियाणा की बड़ी खबरों में हिसार से हैं। हिसार के बरवाला में नेशनल हाइवे 52 हिसार-चंडीगढ़ मार्ग पर गांव गैबीपुर के समीप ओवरब्रिज पर एक मोटरसाईकिल को पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे मोटरसाईकिल सवार व्यक्ति और 3 बेटियों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार घायल आरती को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में भर्ती करवाया गया है। मृतकों की पहचान ढाणी मोहब्बतपुर निवासी 30 साल के मुकेश, मुकेश की 6 वर्ष की बेटी नीतू, 4 साल की बेटी दिव्या व डेढ़ साल दीक्षा के रूप में हुई हैं। मुकेश मजदूरी का कार्य करता था।
जानकारी के अनुसार आदमपुर के गांव मोहब्बतपुर निवासी मुकेश अपनी पत्नी आरती व 3 बेटियों के साथ मोटरसाईकिल पर गांव प्रभुवाला से बरवाला की तरफ आ रहा था। इसी दौरान गांव गैबीपुर के पास उसकी बाइक सामने से आ रही एक पिकअप से टकरा गई। इस सडक़ दुर्घटना में मोटरसाईकिल पर सवार मुकेश, आरती व उनकी 3 बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गई।घायलों को राहगीरों ने उपचार के लिए बरवाला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मुकेश व उसकी 2 बेटियो को मृत घोषित कर दिया। मुकेश की पत्नी आरती व एक बेटी दीक्षा को गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल में रेफर कर दिया गया है। जहां मुकेश की तीसरी बेटी दीक्षा ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं आरती की हालत भी नाजुक बनी हुई है। हरियाणा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पता चला है कि आरती वार्ड नंबर एक में अपने मायके में गई थी। वहीं उसके दादा-दादी गांव प्रभुवाला में रहते हैं। अपने मां-बाप से मिलने के बाद आरती गांव प्रभुवाला में दादा-दादी से मिलने गई थी। यहां से रात्रि करीबन साढ़े आठ बजे अपने माता-पिता के पास वापस जा रहे थे। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई, इस दुर्घटना की सूचना पाकर स्वजनो में मातम छा गया है।