सिरसा के ओटू हेड और नहर में मगरमच्छ को ढूंढती रही रेस्क्यू टीम, एआई से बनी मगरमच्छ की फोटो ने 3 विभागों के अधिकारी कर्मचारियों को किया परेशान
mahendra india news, new delhi
सिरसा के ओटू हेड व एनजीसी नहर में तीन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मगरमच्छ ढूंढने के लिए लगे रहे। जानकारी के अनुसार एआई यानि आर्टिफिशयल इंटेलीजेंस से बनी मगरमच्छ की फोटो ने 5 घंटे तक वन्यजीव विभाग, सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग की ओटू हेड और एनजीसी नहर में मशक्कत करवाई। इन विभागों के अधिकारियों ने ओटू हेड व उससे निकलने वाली नहरों पर सर्च अभियान चलाया।
बताया जा रहा है कि पांच घंटे की जांच के बाद भी जब कोई निशान नहीं मिला तो विभागों ने सूचना देने वाले को मोबाइल फोन किया। सूचना देने वाले का मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद अधिकारियों ने फिर फोटो की जांच की तो वो एआइ से बनी मिली। विभाग ने अब एआइ से फोटो बनाने और झूठी सूचना देने वाले के खिलाफ केस दर्ज करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि सूचना देने वाला ओटू हेड पर ही रेहड़ी लगाता है।
जानकारी के अनुसार वन्यजीव विभाग के पास बुधवार को एक व्यक्ति ने ओटू हेड से फोटो भेजकर मगरमच्छ होने की सूचना दी। इसके बाद वन्यजीव विभाग, सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी दस बजे के करीबन ओटू हेड पर पहुंचे।ओटू हेड के आसपास के क्षेत्र की जांच किए जाने के बाद मगरमच्छ का कोई भी निशान नहीं मिला।
जिसके पश्चात विभाग ने राजस्व विभाग के बोट मंगवाई। बोट से सर्च की गई। लेकिन फिर भी कुछ नहीं मिला। जिस स्थान पर मगरमच्छ होने का फोटो विभाग के पास पहुंचा तो विभागीय कर्मचारियों ने उस जगह की गहराई भी जांची।
इसके बाद काफी मश्कत करने के बाद फोटो एआइ से बने होने की आशंका हुई। इसके बाद अधिकारियों ने सूचना देने वाले व्यक्ति को मौके पर बुलाया। कई बार बुलाने के बाद फोन बंद कर लिया। विभाग ने झूठी सूचना देने वाले उक्त युवक के खिलाफ रानियां थाना में एफआइआर करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग अभी भी अलर्ट मोड पर है और जांच जारी रहेगी।
जयविंद्र नेहरा, इंस्पेक्टर, वन्यजीव विभाग सिरसा ने बताया कि ओटू हेड व नहर में मगरमच्छ होने की फोटो व सूचना मिली थी। इसके बाद वहां पर करीबन 5 घंटे सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन कोई भी निशान नहीं मिला। सूचना देने वाले युवक को भी मौके पर बुलाया गया था, लेकिन वह नहीं आया और मोबाइल भी बंद कर लिया। जांच के बाद फोटो एआइ से बनी मिली। उक्त युवक के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाई जाएगी। हालांकि अभी विभाग अलर्ट है।