नगर परिषद SIRSA चेयरमैन से मिला हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल कोर कमेटी का प्रतिनिधिमंडल

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल की कोर कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल जिला प्रधान हीरालला शर्मा की अध्यक्षता में नगर परिषद चेयरमैन से मिलने के लिए पहुंचा, लेकिन चेयरमैन नहीं मिले और उनके पीए दीपक से मिलकर शहर के बाजारों में व्याप्त समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों की उबड़-खाबड़ सड़कों एवं गलियों की स्थिति पर चिंता जताते हुए इन्हें जल्द से जल्द दुरुस्त करवाने की मांग उठाई। इसके बाद नगर परिषद के एक्सईएन राकेश पूनियां व जेई दीपक से भी बातचीत हुई और उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान करवाया जाएगा।

हीरालाल शर्मा ने बताया कि स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के कारण शहर के प्रमुख बाजारों में सड़कों की हालत ठीक नहीं होने के कारण दुकानदारों के साथ-साथ ग्राहकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह सड़कें टूटी होने और रास्तों में गड्ढे होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। बाजारों की अव्यवस्थित स्थिति का सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। व्यापार मंडल के शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग ने कहा कि बाजार शहर की आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होते हैं। ऐसे में बाजारों की सफाई, सड़क व्यवस्था, जल निकासी और मूलभूत सुविधाओं का बेहतर होना बेहद जरूरी है।

उन्होंने नगर परिषद चेयरमैन से आग्रह किया कि व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू करवाया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि नगर परिषद प्रशासन व्यापारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा और बाजारों को बेहतर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए ठोस कदम उठाएगा। इससे न केवल व्यापारियों को राहत मिलेगी, बल्कि बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले आम नागरिकों को भी सुविधा होगी।
इस मौके पर अनिल सर्राफ, भीम सिंगला, प्रेम गुप्ता, केदार पाहवा, सुरेश गोयल भी मौजूद रहे।