नेजियाखेड़ा स्थित सतलोकपुर धाम में विशेष ब्लॉक स्तरीय नामचर्चा का आयोजन
mahendra india news, new delhi
डेरा सच्चा सौदा के संस्थापक बेपरवाह शाह मस्ताना जी महाराज के पावन एमएसजी अवतार माह और दीपोत्सव पर्व के उपलक्ष्य में कल्याण नगर ब्लॉक की महिला श्रद्धालुओं की ओर से नेजियाखेड़ा स्थित एमएसजी डेरा सच्चा सौदा व मानवता भलाई केंद्र सतलोकपुर धाम में विशेष ब्लॉक स्तरीय नामचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान महिला श्रद्धालुओं ने भजनों के माध्यम से सतगुरु की महिमा का गुणगान किया तथा दीपावली की खुशियां जरूरतमंद परिवारों के साथ साझा करते हुए सेवा कार्य किया।
नामचर्चा की शुरूआत ब्लॉक प्रेमी सेवक बहन अंकिता इन्सां ने इलाही नारा लगाकर की। इसके बाद कविराज बहनों ने विभिन्न भजनों के माध्यम से सतगुरु की महिमा का गुणगान किया। भजनों की प्रस्तुति के दौरान साध-संगत ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की और वातावरण भक्तिमय बना रहा। इसके बाद पंडाल में लगाई गई बड़ी स्क्रीन पर पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां का सत्संग चलाया गया। साध-संगत ने सत्संग श्रवण करते हुए पूज्य गुरु जी की शिक्षाओं को आत्मसात करने का संदेश लिया।
दीपावली पर जरूरतमंद महिलाओं के साथ बांटी खुशियां
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक के फूड बैंक से दीपावली और बेपरवाह शाह मस्ताना जी महाराज के एमएसजी अवतार माह की खुशी में 5 जरूरतमंद महिलाओं को एक-एक महीने का राशन वितरित किया गया। सेवा कार्य में प्रीत नगर निवासी सीमा इन्सां पत्नी धर्मचंद ने आर्थिक सहयोग किया। राशन मिलने पर जरूरतमंद महिलाओं ने इस सेवा के लिए श्रद्धालुओं का आभार जताया। नामचर्चा में रहमत कॉलोनी निवासी पिंकी इन्सां ने भी अपने बेटे के जन्मदिन की खुशी में सेवा कार्य में सहयोग किया।
साध-संगत से जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने का आह्वान
ब्लॉक प्रेमी सेवक बहन लीना इन्सां और अंकिता इन्सां ने साध-संगत से पूज्य गुरु जी की शिक्षाओं पर चलते हुए दीपावली पर्व की खुशियां जरूरतमंद लोगों के साथ साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशी तब और बढ़ जाती है, जब समाज के जरूरतमंद वर्ग को भी इसमें शामिल किया जाए।
कार्यक्रम के अंत में साध-संगत ने सुमिरन किया। इसके बाद अरदास बोली गई और प्रसाद वितरित किया गया। इसी के साथ विशेष नामचर्चा का समापन हुआ।
इस अवसर पर सच्चे नम्र सेवादार बहन ऊषा इन्सां, ब्लॉक प्रेमी सेवक बहन लीना इन्सां व अंकिता इन्सां, विभिन्न जोनों से सच्ची प्रेमी समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में साध-संगत मौजूद रही।