विदेश में जॉब दिलाने का झांसा देकर नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के युवक से 1.90 लाख की ठगी, राजस्थान के युवक पर मामला दर्ज

 
mahendra india news, new delhi

सिरसा जिला के खंड नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में आने वाले गांव अलीमोहम्मद के युवक से विदेश में जॉब लगवाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। युवक से एक लाख 90 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर राजस्थान के एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आपको बता दें कि पुलिस को दी शिकायत में नाथूसरी चौपटा के क्षेत्र मेें पडऩे वाले गांव अलीमोहम्मद निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि उसकी पहचान आरजे जिला हनुमानगढ़ के गांव जिलोधा निवासी अमित गोदारा से हुई थी। अमित सिंगापुर आता-जाता रहता था। आरोप है कि अमित ने प्रवीण को सिंगापुर में पढ़ाई और होटल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1 लाख 90 हजार रुपये मांगे।

शिकायतकर्ता के अनुसार उसने 20 मार्च 2026 को अमित के खाते में 1 लाख 90 हजार रुपये जमा करवा दिए। इसके करीब 10 दिन बाद अमित ने उसे सिंगापुर भेज दिया। वहां पहुंचने पर पता चला कि जिस कोचिंग अकादमी में दाखिले की बात कही गई थी, उसकी फीस तक जमा नहीं करवाई गई थी और न ही किसी प्रकार की नौकरी लगाई गई थी।

प्रवीण ने बताया कि करीब 10 दिन सिंगापुर में रहने के बाद वह वापस भारत लौट आया। इसके बाद उसने नाथूसरी चोपटा थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

आपको बता दें कि पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला सामने आने पर नाथूसरी चोपटा थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर धोलूराम ने अमित गोदारा निवासी गांव जिलोधा, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।