लगभग 25 वर्ष बाद दिशा पहुंचे अभय सिंह चौटाला, विशेष बच्चों के बीच बिताया समय

 

mahendra india news, new delhi
 इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला बुधवार को इनेलो जिलाध्यक्ष जसबीर सिंह जस्सा के साथ सिरसा स्थित स्वयंसेवी संस्था दिशा पहुंचे, जहां उन्होंने विशेष बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया, उन्हें मिठाई वितरित की तथा संस्था द्वारा विशेष बच्चों के लिए किए जा रहे शिक्षा, प्रशिक्षण एवं पुनर्वास के कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उल्लेखनीय है कि दिशा संस्था के भवन का शिलान्यास 14 फरवरी 2001 को अभय सिंह चौटाला ने किया था, जबकि 3 नवंबर 2001 को उन्होंने ही इस भवन का उद्घाटन किया था।

लगभग 25 वर्ष बाद दिशा पहुंचने पर उन्होंने संस्था की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की विकास यात्रा तथा विशेष बच्चों को दी जा रही शिक्षा, प्रशिक्षण, पुनर्वास एवं आत्मनिर्भरता के प्रयासों की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। दौरे के दौरान विशेष बच्चे कनिष्क ने अभय सिंह चौटाला को मधुर भजन सुनाया, जिसे सुनकर वे भाव-विभोर हो गए। उन्होंने कनिष्क की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि विशेष बच्चों में अपार प्रतिभा होती है और उचित मार्गदर्शन, प्रेम तथा अवसर मिलने पर वे समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं।


दिशा पहुंचने पर संस्था के सचिव सुरेंद्र भाटिया एवं अन्य पदाधिकारियों ने अभय सिंह चौटाला का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिशा संस्था वर्षों से विशेष बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का अनुकरणीय कार्य कर रही है।

यहां बच्चों को शिक्षा, प्रशिक्षण और आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर अभय सिंह चौटाला के बचपन के मित्र प्रो. रविंद्र पुरी, समाजसेवी अनिल डुमरा, दिशा के सदस्य भूपेंद्र पनिवालिया, नीलम भाटिया, कंचन मेहता, नीरज, पल-पल की ओर से कमल शर्मा, पंकज ढींगरा, संजीव शर्मा एवं अभिषेक शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।