सीडीएलयू SIRSA में विधि विभाग के बीए एलएलबी पाठ्यक्रम में दाखिले प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किए जाने का निर्णय
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार की अध्यक्षता में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के यूजी के दाखिलों को लेकर एडमिशन कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक कुलगुरु कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक का संचालन शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रोफेसर सुशील कुमार द्वारा किया गया।
बैठक में दाखिला प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं विद्यार्थी हितैषी बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि दाखिले हेतु हैंडबुक ऑफ इंफॉर्मेशन 2026-27 को अंतिम रूप देने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया। यही कमेटी विश्वविद्यालय से संबंधित महाविद्यालयों के दाखिलों से संबंधित निर्देश एवं गाइडलाइन भी तैयार करेगी।
इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय परिसर में अनुशासन एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रॉक्टर को एंटी रैगिंग कमेटी तथा एंटी रैगिंग स्क्वॉड के गठन के लिए अधिकृत किया गया। बैठक में विद्यार्थियों से संबंधित समस्याओं के समाधान एवं मार्गदर्शन के लिए स्टूडेंट्स के दाखिलों से संबंधित एक ग्रीवेंस कमेटी गठित की गई।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति एवं रोजगारपरक शिक्षा को ध्यान में रखते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र से बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स, बीएससी योगा तथा बीटेक सीएसई शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही विधि विभाग के बीए एलएलबी पाठ्यक्रम में दाखिले प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किए जाने का भी निर्णय लिया गया।
कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप शुरू किए जा रहे नए पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगे। बैठक में कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार, डीन ऑफ कॉलेजिज प्रोफेसर राम मेहर, डीएसडब्ल्यू प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर राजकुमार, डीन यूएसजीएस प्रोफेसर मोहम्मद काशिफ किदवई, एमएम कॉलेज, फतेहाबाद के प्राचार्य डॉ गुरचरण, गवर्नमेंट नेशनल कॉलेज, सिरसा के प्राचार्य डॉ शत्रुजीत, प्राचार्य डॉ अनूप सहित संकायों के अधिष्ठाता उपस्थित रहे।