CDLU SIRSA के एम.ए. राजनीति विज्ञान में 40 सीटों पर प्रवेश, ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई

 

Mahendra india news, new delhi
लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन, नीति निर्माण और प्रशासन के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा का राजनीति विज्ञान विभाग शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एम.ए. राजनीति विज्ञान कार्यक्रम में प्रवेश प्रदान कर रहा है। विभाग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध एवं व्यावहारिक ज्ञान के माध्यम से प्रशासनिक, अकादमिक और नीति निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध करा रहा है।


विभागाध्यक्ष प्रो. राजबीर सिंह दलाल ने बताया कि विभाग में कुल 40 सीटों पर प्रवेश दिए जा रहे हैं और ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई है। इस कार्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक परीक्षा में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक (समेकित) प्राप्त होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रम को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत भारतीय संविधान एवं राजनीति, अंतरराष्ट्रीय संबंध, तुलनात्मक राजनीति, राजनीतिक सिद्धांत एवं विचारधाराएं, भारतीय एवं पाश्चात्य राजनीतिक चिंतन, लोक प्रशासन, मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय, राजनीतिक समाजशास्त्र, पंचायती राज एवं नगरीय स्थानीय स्वशासन, सार्वजनिक नीति एवं सुशासन, निर्वाचन अध्ययन तथा राजनीतिक विज्ञान में शोध पद्धति जैसे विषयों का गहन अध्ययन कराया जाता है।


प्रो. दलाल ने कहा कि राजनीति विज्ञान का अध्ययन विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच, तार्किक दृष्टिकोण, वाद-विवाद एवं प्रभावी संप्रेषण कौशल का विकास करता है। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक मुद्दों की गहरी समझ प्रदान करने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और शोध के लिए भी सुदृढ़ आधार तैयार करता है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थी भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS),

भारतीय पुलिस सेवा (IPS), हरियाणा सिविल सेवा (HCS), निर्वाचन आयोग, लोक प्रशासन, कूटनीतिक सेवाओं, सार्वजनिक नीति विश्लेषण, थिंक टैंक, कॉरपोरेट अफेयर्स, गैर-सरकारी संगठनों, मीडिया एवं जनसंचार, अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं तथा शिक्षण एवं शोध के क्षेत्र में आकर्षक करियर बना सकते हैं।
विभागाध्यक्ष ने इच्छुक विद्यार्थियों से समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने का आह्वान करते हुए कहा कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय का राजनीति विज्ञान विभाग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोधोन्मुख वातावरण और व्यक्तित्व विकास के व्यापक अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।