SIRSA शहरी क्षेत्र में फुटपाथ बनाने के लिए प्लान तैयार करें एजेंसियां, सुरक्षित और सुगम यातायात हो प्राथमिकता : DC शांतनु शर्मा
Mahendra india news, new delhi
उपायुक्त शांतनु शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में एसडीएम राजेंद्र कुमार, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण सचिव संजय, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, जिला वन अधिकारी सतीश कुमार, हरियाणा राज्य परिवहन के महाप्रबंधक अजय दलाल, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मुकेश, बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता धीरज कुमार, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार तथा डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. संदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही के लिए फुटपाथ अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी सड़क निर्माण एवं रखरखाव एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे शहरी क्षेत्र में अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में फुटपाथ विकसित करने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करें और इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
बैठक में बताया गया कि दिल्ली पुल पर यातायात को अधिक सुगम बनाने तथा सड़क के विस्तार की संभावनाओं पर कार्य करने के लिए सिंचाई विभाग, एचएसआईडीसी और लोक निर्माण विभाग के उपमंडल अभियंताओं की कमेटी गठित की गई है। कमेटी आवश्यक सर्वेक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित सडक़ एजेंसियों को मॉडल सड़कें विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही बस स्टैंड के बाहर यातायात को सुचारू बनाए रखने और जाम की समस्या से बचने के लिए समुचित प्लान तैयार करने को कहा। उन्होंने सिविल अस्पताल रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद से विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी। बैठक में इस मार्ग पर तिपहिया वाहनों के लिए अलग लेन अथवा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने तथा रोड सेफ्टी सोशल ऑडिट करवाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।