हरियाणा में महिला टीचर से छेड़छाड़ का आरोप, प्रिंसिपल समेत 5 पर एफआइआर दर्ज, अदालत में दर्ज हुए 164 के बयान

 

mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश की बड़ी खबरों में अंबाला से हैं। अंबाला शहर के एक नामी सरकारी शिक्षण संस्थान की महिला शिक्षिका से कथित छेड़छाड़, मानसिक उत्पीडऩ और धमकी के केस में पुलिस ने संस्थान के प्रधानाचार्य, उसके भाई और 3 अध्यापकों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को महिला थाना पुलिस ने पीड़िता के न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 164 के तहत बयान भी दर्ज कराए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि महिला शिक्षिका ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि पिछले 3-4 माह से संस्थान में लगातार उसका उत्पीडऩ किया जा रहा था। शिकायत के मुताबिक 11 जून की सुबह करीब 9.15 बजे एक शिक्षक ने संस्थान परिसर में उसका रास्ता रोक लिया।


जब महिला टीचर अपने पति के साथ शिकायत लेकर संस्थान की आईसीसी (आंतरिक शिकायत समिति) के पास पहुंची तो वहां भी उसे राहत नहीं मिली। आरोप है कि समिति की महिला अध्यक्ष की मौजूदगी में समिति के एक पुरुष सदस्य ने उसकी शिकायत और अन्य दस्तावेज छीनने का प्रयास किया, इससे वह भयभीत हो गई। शनिवार को महिला थाना पुलिस ने महिला शिक्षिका को साथ लेकर मौके का मुआयना भी किया। 

 रेकी करने तक के लगाए आरोप
शिकायत में महिला अध्यापिका ने आरोप लगाया है कि सरकारी संस्थान के कुछ शिक्षक लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखते थे। एक शिक्षक दिनभर उसकी कक्षा के आसपास घूमता रहता था और लगातार उसे घूरता था, जबकि दूसरा शिक्षक भी सरकारी संस्थान आने पर उसके आसपास ही मंडराता रहता था। महिला शिक्षिका का आरोप है कि यह सब उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और दबाव में लेने की सुनियोजित कोशिश का हिस्सा था।

पीड़िता महिला अध्यापिका ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह शिकायत लेकर 15 जून को सेक्टर-9 थाना पहुंची तो वहां प्राचार्य और उसके भाई ने उसे धमकाया। अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

सूत्रों के अनुसार स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा और प्राचार्य के भाई को थाने से बाहर भेजा गया। जांच टीम अब घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही हैं। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


इस इस केस में महिला शिक्षिका से बातचीत का प्रयास किया गया तो उन्होंने इस पूरे मामले में सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने और बताने से स्पष्ट इन्कार कर दिया।


सतविंद्र कौर, महिला थाना प्रभारी, अंबाला शहर ने बताया कि महिला शिक्षिका की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। पीड़िता के न्यायालय में बयान भी दर्ज कराए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।