सशक्त आत्मा ही विश्व-एकता की संकल्पना को साकार करने की आधारशिला है: ब्रह्माकुमारी प्रीति
सिरसा। ब्रह्माकुमारीज सद्भावना भवन, सिरसा की ओर से 1 से 21 जून तक विश्व शांति के निमित्त राजयोग का कार्यक्रम प्रकृति के सान्निध्य में रखा गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को जनता भवन रोड स्थित श्री अग्रवाल पार्क, सिरसा में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मुरली क्लास लगी। ब्रह्माकुमारी बहन प्रीति ने बताया कि सभी ब्रह्माकुमार भाई-बहनें प्रात: 6 बजे पार्क में पहुंच कर पूरे विश्व को शांति का संदेश देते हैं। प्रतिदिन कार्यक्रम कि शुरूआत ओम ध्वनि से करते हैं और फिर परमात्मा के महावाक्य सुनते हैं।
कार्यक्रम के पश्चात सकारात्मक विचारों का उच्चारण कर वातावरण को शक्तिशाली बनाये रखने का संकल्प करते हैं। उन्होंने कहा कि नकारात्मकता को हराने के लिए समय-समय पर अच्छे विचारों व वचनों की जरूरत होती है और इनकी ही कृपा से सकारात्मकता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में विज्ञान और तकनीक के बल पर मानवता ने अभूतपूर्व प्रगति की है। आज का युग सूचना-प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल परिवर्तन और अंतरिक्ष अनुसंधान का युग है। इन क्रांतिकारी परिवर्तनों ने मानव जीवन को अधिक सुविधाजनक, सुगम और संसाधन- समृद्ध बनाया है।
आज का मानव पहले की अपेक्षा अधिक शिक्षित और तकनीकी रूप से सक्षम है तथा उसके पास आगे बढ़ने के अनेक अवसर हैं, लेकिन समाज में तकनीकी उन्नति के साथ-साथ तनाव, मानसिक असुरक्षा, अविश्वास और एकाकीपन भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिदृश्य में आज आवश्यक है कि हमें केवल आगे बढ़ने की ही नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर झांकने की यात्रा भी प्रारंभ करें। जब हम कुछ क्षण रुककर, स्वयं से संवाद करते हैं, तो इस बात का अनुभव होता है कि शांति और आनंद किसी बाहरी वस्तु में नहीं, बल्कि हमारे भीतर हैं। जब आत्मिक चेतना जागृत होती है तब प्रेम, भाईचारा, करुणा और एकता स्वत: जीवन का हिस्सा बन जाते हैं। शांत और स्थिर मन, समाज में शांति का बीज बोता है और वहीं से विश्व-शांति और विश्व-एकता की नींव बनती है।
सशक्त आत्मा ही विश्व-एकता की संकल्पना को साकार करने की आधारशिला है। इस मौके पर हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल सिरसा के शहरी अध्यक्ष कीर्ती गर्ग ने महाराजा अग्रसेन जी की प्रेरणा से कैलेंडर व टेलीफोन डायरेक्टरी भेंट की। इस अवसर पर गोपालकृष्ण अग्रवाल, वेदप्रकाश मैहता, राजेंद्र सरदाना, कमलेश सरदाना, अतुल बांसल, राजकुमार पेडीवाल, रमन मित्तल, रवि सैनी, राजेश शर्मा, अनिल यादव, सुनील कुमार, माली पोला राम सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।