पुरुष नसबंदी करवाने पर 2000 रुपये प्रोत्साहन राशि, पुरुष नसबंदी से शारीरिक क्षमता पर नहीं पड़ता असर, स्वास्थ्य विभाग ने दूर की भ्रांतियां

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरुष नसबंदी पखवाड़े के तहत शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल में राजकीय एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय की छात्राओं के सहयोग से जागरूकता रैली निकाली गई। उप सिविल सर्जन डॉ. राजेश चौधरी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा पुरुष नसबंदी के लाभों के बारे में जागरूक किया गया।


CMO डॉ. पवन कुमार ने कहा कि परिवार नियोजन में महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। पुरुष नसबंदी एक सरल एवं सुरक्षित शल्य प्रक्रिया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरुष नसबंदी करवाने वाले लाभार्थियों को महिला नसबंदी की तुलना में अधिक प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने आमजन से परिवार नियोजन के प्रति जागरूक होने तथा पुरुष नसबंदी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का आह्वान किया।


उप सिविल सर्जन (परिवार नियोजन) डॉ. भारत भूषण मित्तल ने बताया कि प्रजनन स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन में महिलाओं की अपेक्षा पुरुषों की भागीदारी कम है। ऐसे में आमजन को जागरूक करने और सही मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में पुरुष नसबंदी करवा चुके लाभार्थियों को पुरुष नसबंदी चैंपियन के रूप में चिह्नित किया जाएगा, ताकि उनके अनुभवों के माध्यम से अन्य पुरुषों को प्रेरित किया जा सके। इसके अलावा पोस्टर, बैनर, पेंटिंग एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को परिवार नियोजन के बारे में जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा भी पुरुष नसबंदी से संबंधित भ्रांतियों को दूर किया जाएगा।


जिला किशोरावस्था परामर्शदाता कमल कक्कड़ एवं जिला नेत्रदान परामर्शदाता राहुल शर्मा ने बताया कि अभियान का दूसरा चरण 29 नवंबर से चार दिसंबर तक सेवा प्रदायगी चरण के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान इच्छुक लाभार्थियों को पुरुष नसबंदी की सेवाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ इसके लाभों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पुरुष नसबंदी एक सामान्य शल्य प्रक्रिया है और इससे पुरुषों की शारीरिक क्षमता पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता है।
पुरुष नसबंदी करवाने पर मिलती है दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि
जिला किशोरावस्था परामर्शदाता कमल कक्कड़ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरुष नसबंदी करवाने वाले लाभार्थियों को दो हजार रुपये तथा महिला नसबंदी करवाने वाली लाभार्थियों को 1400 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। विभाग का उद्देश्य परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाना तथा छोटे एवं खुशहाल परिवार की अवधारणा को बढ़ावा देना है।