चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, में छात्राओं ने सीखे तनावमुक्त सफलता के सूत्र
At Chaudhary Devi Lal University, girl students learned the secrets of stress-free success.
mahndra india news delhi
सिरसा, 16 मई। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, मानसिक सशक्तिकरण एवं जीवन कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रेरणादायक संवाद सत्र का आयोजन किया गया। यह सत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित किया गया।कार्यक्रम में सीडीएलयू के सेंटर फॉर लाइफ स्किल्स की निदेशक प्रो. प्रियंका सिवाच ने छात्राओं के साथ द्वितीय संवादात्मक सत्र में सहभागिता की और उन्हें जीवन में बेहतर करने के लिए प्रेरित किया ।
इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए गर्ल्स हॉस्टल की चीफ वार्डन प्रोफेसर रणजीत कौर ने बताया कि सत्र के दौरान छात्राओं ने प्रोफेसर प्रियंका सिवाच से जीवन कौशल, भविष्य की योजनाओं, करियर संबंधी चुनौतियों, आत्मविश्वास तथा व्यक्तिगत विकास से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा की। यह एक प्रभावशाली दो-तरफा संवाद सत्र रहा, जहां छात्राओं ने बिना किसी संकोच के अपनी जिज्ञासाएं एवं चिंताएं साझा कीं। प्रोफेसर प्रियंका सिवाच के प्रथम सत्र से प्रेरित होकर छात्राओं ने इस बार और अधिक आत्मीयता के साथ अपने प्रश्न रखे, जिनका समाधान उन्होंने सरल, व्यावहारिक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण से किया।
प्रोफेसर प्रियंका सिवाच ने छात्राओं को जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना धैर्य, आत्मबल और सही सोच के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्ति को हर परिस्थिति में आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करते हैं। उन्होंने छात्राओं को परीक्षा के दौरान तनाव कम करने के व्यावहारिक उपाय बताते हुए समय प्रबंधन, नियमित दिनचर्या एवं सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन वार्डन मंजू जाखड़ एवं हरमनप्रीत कौर द्वारा किया गया। छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे आत्मविश्वास बढ़ाने, मानसिक संतुलन बनाए रखने तथा समग्र विकास में सहायक बताया।