SMC संबोधन के नाम पर सार्वजनिक अवकाशों पर हमला निंदनीय - हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ

 

Mahendra india news, new delhi

हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ संबद्ध सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा एवं स्कूल टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राज्य प्रधान प्रभु सिंह, महासचिव रामपाल शर्मा, कैशियर संजीव सिंगला, वरिष्ठ उपप्रधान गुरमीत सिंह,उपमहासचिव कृष्ण नैन, संगठन सचिव सुखदर्शन सरोहा, प्रैस प्रवक्ता निशा व कार्यालय सचिव सत्यनारायण यादव ने सयुक्त प्रैस विज्ञप्ति जारी करते बताया कि रविवार 19 जुलाई को हरियाणा के मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक स्कूल प्रबंधन कमेटी एवं विद्यालय स्टॉफ को ऑनलाइन संबोधित करेंगे।

उन्होंने कहा कि क्या इस तरह के संबोधन के लिए शुभ मुहूर्त केवल सार्वजनिक अवकाश के दिन ही उपयुक्त है या एक सुनियोजित तरीके से सार्वजनिक अवकाशों को धीरे धीरे खत्म करने साजिश रची जा रही है। संगठन इस तरह के तुगलकी फरमानों की कड़े शब्दों में निंदा करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की बेहतरी के नाम पर अनाप शनाप फरमान जारी किए जाते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि शिक्षकों पर पढ़ाई के सिवाय सभी प्रकार के कार्य थोपे जा रहे हैं और लगातार विद्यार्थियों से दूर रखने की साजिश रची जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष सत्र की शुरुआत में अप्रैल से शुरू करते हुए मई तक जनगणना कार्य के सम्पन्न होते ही अध्यापकों को एसआईआर कार्य में लगे दिया गया और अब कथित शिक्षा सुधार के नाम पर एक बार फिर अटैच प्राथमिक विद्यालयों को मर्ज करने की योजना बनाई जा रही है क्योंकि उक्त एसएमसी संबोधन के शेड्यूल में केवल स्वतंत्र प्राथमिक विद्यालयों का ही जिक्र है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ मांग करता है कि लंबे संघर्षों से हासिल स्कूली सार्वजनिक अवकाशों से छेड़छाड़ न की जाए और सभी तरह के गैर शैक्षणिक कार्यों पर रोक लगाते हुए शिक्षकों को केवल विद्यार्थियों को पढ़ाने की वास्तविक जिम्मेदारी निभाने दी जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षा और शिक्षकों के हकों के लिए संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करने पर मजबूर होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।