मनोविज्ञान विभाग में मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, आत्महत्या एवं तंबाकू सेवन रोकथाम के प्रति जागरूकता शिविर कार्यक्रम

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के मनोविज्ञान विभाग में मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, आत्महत्या एवं तंबाकू सेवन रोकथाम के प्रति जागरूकता शिविर कार्यक्रम किया गया। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में सिविल हॉस्पिटल सिरसा के मेडिकल सोशल वेलफेयर ऑफिसर कंवर सिंह और पुलिस विभाग की तरफ से महिला कांस्टेबल पिंकी उपस्थित रहे। इन्होंने आजकल युवाओं में बढ़ते नशे की लत व तंबाकू के सेवन पर अपने विचार रखे।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के कारण मानसिक समस्याओं में काफी संघर्ष से गुजरना पड़ता है और बाद में युवा आत्महत्या की तरफ बढ़ जाते हैं जब उन्हें कोई रास्ता नजर नहीं आता।  कुंवर सिंह ने इन समस्याओं का समाधान कैसे हो, इसके काफी सारे तरीके बताएं और उन्होंने कहा कि समय-समय पर मानस एप के द्वारा कोई भी युवा या विद्यार्थी अपनी समस्या साझा कर सकता है। मानस एप के द्वारा उसे उचित समाधान बताया जाएगा और उसकी मदद की जाएगी। यह जानकारी कहीं भी लीक नहीं की जाएगी।


इसी प्रकार पिंकी ने बताया कि जो भी नशे का व्यापार हमारे समाज में फैला हुआ है, उसे रोकने के लिए पुलिस ने भी अलग-अलग टीम और अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर जारी कर रखे हैं जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति या युवा या विद्यार्थी उन नंबरों पर पुलिस को सूचना दे सकता है।

उसकी जानकारी गुप्त रखते हुए पुलिस उचित कार्यवाही करेगी और नशे के व्यापार को रोकने का प्रयास करेगी। इस कार्यक्रम के दौरान मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो संजू बाला ढुल विशेष रूप से उपस्थित रही व साथ में कार्यक्रम की संयोजक समृद्धि कंबोज, कार्यक्रम के सहसंयोजक परविंदर सिंह, मीनू कुमारी व अंजलि भी उपस्थित रहे तथा इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अन्य विभागों के विद्यार्थी भी उपस्थित रहे व सभी विद्यार्थियों ने मुख्य वक्ताओं के साथ संवाद किया और अधिक जानकारी के लिए प्रश्न भी पूछे।