बहुजन समाज पार्टी की जिला स्तरीय संगठन समीक्षा बैठक सम्पन्न, जनहित के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा

 

mahendra india news, new delhi
बहुजन समाज पार्टी, सिरसा (हरियाणा) द्वारा संत कबीर वाटिका, डबवाली रोड, सिरसा में जिला स्तरीय संगठन समीक्षा बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी राजनीतिक गतिविधियों तथा प्रदेश के जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कृष्ण जमालपुर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह राठी एवं प्रदेश महासचिव व लोकसभा जोन प्रभारी रामसिंह प्रजापति जी उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामधन चौटाला ने की। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कृष्ण जमालपुर ने हरियाणा में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, सरकारी भर्तियों में कथित अनियमितताओं, गरीबों के आशियानों पर बुलडोजर कार्रवाई तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी और असुरक्षा की मार झेल रही है, जबकि सरकार जनसमस्याओं के समाधान में असफल साबित हुई है।

उन्होंने सरकार से सरकारी भर्तियों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने, आरक्षण नीति का सख्ती से पालन करने, महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण लगाने, किसानों एवं गरीब परिवारों को राहत प्रदान करने तथा शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए प्रभावी मानसिक स्वास्थ्य सहायता एवं काउंसलिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की। डॉ. कृष्ण जमालपुर ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। यदि सरकार समय रहते जनभावनाओं का सम्मान करते हुए ठोस कदम नहीं उठाती, तो बहुजन समाज पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों और बहुजन समाज के सम्मान की लड़ाई निरंतर जारी रहेगी।


बैठक में रानियां विधानसभा प्रभारी बुल्लेशाह पंजुआना, दयाराम फतेहपुरिया, ऐलानाबाद विधानसभा अध्यक्ष लालचंद माधोसिंगाना, कालावाली विधानसभा अध्यक्ष जसवंत सिंह, सिरसा विधानसभा अध्यक्ष रामकुमार बेगू, जिला कार्यकारिणी सदस्य पुष्पेंद्र शास्त्री, गुरदीप सिंह कम्बोज, बामसेफ संयोजक बंशीलाल दहिया, सिरसा विधानसभा प्रभारी नारायण दास, राजपाल बाजेकां, सिरसा लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी लीलूराम आसाखेड़ा, जसवंत रामायण, करतार सिंह, महेंद्र सिंह भंभूर, भानीराम, सुरेंद्र सिंह जमाल, भोला सिंह रानियां, श्रीराम खाई शेरगढ़, राजकुमार सिरसा सहित अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बहुजन समाज के लोग उपस्थित रहे। बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष रामधन चौटाला ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।