बालाजी महाराज को लगाया बाजरे के खीचड़े, कढ़ी व कांजी के भल्लों का भोग, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया अन्नकूट प्रसाद
mahendra india news, new delhi
श्री सालासरधाम मंदिर, सिरसा में अन्नकूट महोत्सव धार्मिक श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर के पुजारी जलराम व जवाहरलाल ने बताया कि इस पावन अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई और बालाजी महाराज का विधिवत पूजन कर उन्हें अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं में अन्नकूट प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर में सुबह से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था।
श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। दोपहर 12 बजे बालाजी महाराज को अन्नकूट प्रसाद का भोग लगाया गया। इसके बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। अन्नकूट के पारंपरिक प्रसाद में बाजरे का खीचड़ा, कढ़ी तथा कांजी के भल्ले विशेष रूप से तैयार किए गए। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव से प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर परिसर में बालाजी महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। उन्होंने बताया कि धार्मिक परंपराओं के अनुसार अन्नकूट के अवसर पर भगवान को विभिन्न प्रकार के अन्न और व्यंजनों का भोग लगाकर प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं में वितरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि अन्नकूट महोत्सव सनातन धर्म की समृद्ध परंपरा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और अन्न के सम्मान का प्रतीक है।
इसका प्रसाद ग्रहण करने से तन व मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। इस पर्व का धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। भगवान को अन्न का भोग लगाकर समाज में अन्न की महत्ता, सेवा, समर्पण और मिल-बांटकर खाने की भावना को प्रोत्साहित किया जाता है। अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण करना श्रद्धालुओं के लिए विशेष पुण्य और सौभाग्य का अवसर माना जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी अपनी धार्मिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। श्री सालासरधाम मंदिर में आयोजित अन्नकूट महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने बालाजी महाराज के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।