विश्व एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में ट्रांसजेंडर खिलाडी के खेलने पर लगी पाबंदी। 

 
 वर्ल्ड रैंकिंग प्रतियोगिताओं और ए एफ आई द्वारा किसी भी प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी महिला एथलीट खिलाड़ियों के लिए एस आर वाई/SRY जीन टैस्ट अनिवार्य किया गया और यह टैस्ट एक बार ही होगा। एस आर वाई जीन टैस्ट कराने के लिए मेडी गेनोमी लैब लिमिटेड/Med Genome Labs Limited से अनुबंध कर लिया गया है। टैस्ट का पूरा खर्च ए एफ आई करेगा जिसमें अगर एक बार में 5 से ज्यादा सैंपल लिए जाते हैं तो 3500 रुपए प्रति सैंपल और अगर 5 से कम सैंपल लिए जाते हैं तो 5000 रुपए प्रति सैंपल लिए जाएंगे। टैस्ट कराने की सभी प्रक्रियाएं और तौर तरीके अंतिम रूप से तय कर दिए गए हैं।

सत्यवीर धनखड फरीदाबाद मीडिया प्रभारी खेल ने जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि एथलेटिक्स फेडरेशन आफ इंडिया (ए एफ आई) की वार्षिक बैठक का 2 दिवसीय आयोजन डाक्टर ललित के भनोट अध्यक्ष दक्षिण एशिया एथलेटिक्स फेडरेशन के नेतृत्व में कोहिमा नागालैण्ड में किया गया और इस वार्षिक बैठक में ए एफ आई ने जिला स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक की खेल प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता लाने से संबंधित आदेश पारित किए गए और ए एफ आई की सभी इकाइयों ने सर्वसम्मति से संबंधित आदेशों को स्वीकार किया।

दिलबाग सिंह अध्यक्ष एथलेटिक्स हरियाणा ने कहा कि ए एफ आई ने नागालैण्ड सरकार और अबू मेहता के नेतृत्व वाली नागालैण्ड एथलेटिक्स एसोसिएशन के द्वारा 2 दिवसीय वार्षिक बैठक का आयोजन किया गया और इस वार्षिक बैठक में महत्वपूर्ण खेल बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया,जिनमें मुख्य रूप से 2026 का खेल कैलेंडर, राष्ट्रीय रिकार्ड को मंजूरी, डोपिंग पर सख्ती,आन-लाइन इंट्री अनिवार्य,नये एसोसिएट सदस्य बनना, कुछ राज्यों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर चिंता, जिलों का पुनर्गठन,कोच व तकनीकी अधिकारियों का पंजीकरण अनिवार्य, अनुबंधों का विस्तार, शिक्षा कार्यक्रम का विस्तार,सिंथेटिक ट्रैक प्रमाणीकरण, प्रशिक्षण केंद्रों की मान्यता,लागत नियंत्रण,टी एस आर व लाइव स्ट्रीमिंग और 2028 में वर्ल्ड इंडोर चैंपियनशिप एवं प्रवेश शुल्क वृद्धि विषय शामिल रहे।

प्रदीप मलिक महासचिव एथलेटिक्स हरियाणा ने बताया कि वार्षिक बैठक में एथलेटिक्स प्रतियोगिता कैलेंडर, राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेल 2026 के लिए क्वालिफिकेशन मानक एवं दिशा-निर्देशों को औपचारिक रूप से अनुमोदित किया गया और 2025 में बने सभी राष्ट्रीय रिकार्ड को स्वीकृति दी गई।

राजकुमार मिटान सदस्य ग्रीवेंस कमेटी एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने बताया कि डोपिंग उल्लंघन के बढ़ते मामलों पर गहनता से चर्चा हुई। राज्य संघों के द्वारा डोपिंग रोकने के उपायों पर बात हुई। विश्व नशा रोधक एजेंसी और राष्ट्रीय नशा रोधक एजेंसी के द्वारा प्रतिबंधित एथलीट खिलाड़ियों की सूची का अनुमोदन किया गया।

मिटान ने कहा कि सभी इकाइयों के लिए आनलाइन इंट्री सिस्टम लागू करना अनिवार्य किया गया।इसका पालन न करने पर उस राज्य एवं इकाई की प्रतियोगिता के परिणाम ए एफ आई द्वारा मान्य नहीं होंगे। एथलीट खिलाड़ियों के गिरते खेल प्रदर्शन पर चिंता जताते हुए कारणों की पहचान और सुधार के उपाय हेतु विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्णय लिया गया।