रोटावेटर एवं लेजर लैंड लेवलर मशीनों के लाभार्थी किसानों का ड्रा द्वारा20 जुलाई को होगा चयन 

 

mahendra india news, new delhi
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत रोटावेटर एवं लेजर लैंड लेवलर कृषि यंत्रों के लाभार्थियों का चयन 20 जुलाई को ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। ड्रा प्रक्रिया लघु सचिवालय स्थित सभागार में दोपहर बाद 3 बजे आयोजित होगी।

 


उप निदेशक डा. सुखदेव सिंह ने बताया कि योजना के अंतर्गत विभिन्न 25 प्रकार के कृषि यंत्रों के लिए जिले के 6,330 किसानों ने विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए हैं। इनमें से रोटावेटर के 1,590 तथा लेजर लैंड लेवलर के 1,124 आवेदनों का चयन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के 106 किसानों के 191 कृषि यंत्रों संबंधी आवेदनों को पहले ही स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त ड्रा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद लक्ष्य के अनुसार शेष पात्र आवेदकों में से 25 प्रतिशत किसानों की प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी। यदि किसी चयनित किसान का आवेदन निरस्त होता है या वह योजना की शर्तें पूरी नहीं करता, तो प्रतीक्षा सूची में शामिल किसानों को निर्धारित क्रम के अनुसार अवसर दिया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जो योजना की सभी पात्रता शर्तों एवं आवश्यक दस्तावेजों को पूरा करेंगे तथा जिन्होंने पिछले तीन वर्षों के दौरान इस योजना का लाभ प्राप्त नहीं किया है। उन्होंने सभी पात्र किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर ड्रा प्रक्रिया में उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया का हिस्सा बनें।