बिटकॉइन या क्रिप्टो करेंसी के नाम पर हो रही धोखाधड़ी से रहें सावधान :- एसपी दीपक सहारन
SIRSA SP दीपक सहारन ने कहा कि आधुनिकता की इस युग में बिटकॉइन और अन्य क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर लोग धोखाधड़ी के शिकार हो रहे है। साइबर अपराधी लोगों को कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर ठगी कर रहे हैं। सिरसा पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी कर आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी प्रलोभन से सावधान रहें और बिना पूरी जानकारी के किसी भी प्लेटफॉर्म या अन्य व्यक्ति के माध्यम से निवेश न करें।लुभाने ऑफर मनुष्य की अमीर बनने की चाह,जिंदगी भर की कमाई पर पानी फेर देती है, इसलिए सावधान रहें सतर्क रहें ।
उन्होने कहा कि साइबर ठग अक्सर सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, टेलीग्राम, फर्जी वेबसाइटों और मोबाइल एप्स के माध्यम से लोगों से संपर्क कर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना रहे हैं। वे खुद को क्रिप्टो निवेश विशेषज्ञ या किसी बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनी का प्रतिनिधि बताकर लोगों को विश्वास में लेते हैं। इसके बाद वे निवेश करने के लिए लिंक भेजते हैं और शुरुआती दौर में छोटे-छोटे मुनाफे दिखाकर लोगों का भरोसा जीतते हैं। जब निवेश की राशि बढ़ जाती है, तब वे अचानक संपर्क बंद कर देते हैं और निवेशकों का पैसा हड़प लेते हैं।
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि कई मामलों में यह भी देखने में आया है कि साइबर अपराधी फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म बनाकर लोगों को लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराते हैं। इन प्लेटफॉर्म पर नकली आंकड़े दिखाए जाते हैं जिससे निवेशक को लगता है कि उसका पैसा बढ़ रहा है। लेकिन जब वह पैसा निकालने की कोशिश करता है तो उससे अलग-अलग शुल्क जैसे टैक्स, प्रोसेसिंग फीस या वेरिफिकेशन फीस के नाम पर और पैसे मांगे जाते हैं।एसपी दीपक सहारन ने कहा कि इस प्रकार की धोखाधड़ी से बचने के लिए नागरिकों को कुछ महत्वपूर्ण सावधानियां बरतनी चाहिए।
सबसे पहले, किसी भी अनजान व्यक्ति या सोशल मीडिया ग्रुप की सलाह पर निवेश करने से बचें। केवल विश्वसनीय और सरकारी रूप से मान्यता प्राप्त वित्तीय संस्थानों के माध्यम से ही निवेश करें। किसी भी वेबसाइट या एप पर निवेश करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें।इसके अलावा, अपने बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या निजी विवरण किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति निवेश के बदले निश्चित या अत्यधिक लाभ का वादा करता है, तो समझ लें कि यह धोखाधड़ी हो सकती है। याद रखें कि किसी भी वैध निवेश में जोखिम होता है और कोई भी संस्था निश्चित लाभ की गारंटी नहीं देती।यदि किसी व्यक्ति के साथ क्रिप्टो करेंसी या ऑनलाइन निवेश के नाम पर धोखाधड़ी होती है,
तो तुरंत साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। समय पर शिकायत करने से धन की रिकवरी की संभावना बढ़ जाती है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई संभव हो पाती है।सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे जागरूक रहें, दूसरों को भी इस प्रकार की धोखाधड़ी के प्रति सतर्क करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित पुलिस को सूचना दें। आपकी सतर्कता ही साइबर अपराध पर अंकुश लगाने का सबसे प्रभावी तरीका है।