भरत सिंह राठौड़ नैशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड-2026 से सम्मानित

 

 mahendra india news, new delhi
सिरसा। नई दिल्ली में आयोजित नेशनल यूथ लीडरशिप प्रोग्राम 2026 (एनवाईएलपी 2.0) में हरियाणा के सिरसा निवासी युवा समाजसेवी भरत सिंह राठौड़ को समाज सेवा, युवा नेतृत्व एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए नेशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम प्रोजेक्ट पॉइंट ओडिशा, माई भारत, यूथ फॉर विकसित भारत तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से चयनित युवा प्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं युवा नेताओं ने भाग लिया।


भरत सिंह राठौड़ को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान श्रीलंका उच्चायोग, नई दिल्ली की माननीय उच्चायुक्त महिशिनी कोलोन, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुअल ओराम, ओडिशा सरकार के विशेष सचिव निहार रंजन दास, विश्व युवा केंद्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उदय शंकर सिंह तथा प्रोजेक्ट पॉइंट ओडिशा के संस्थापक एवं चेयरपर्सन डॉ. संग्राम केशरी सामंतराय की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया। भरत सिंह राठौड़ लंबे समय से समाज सेवा एवं युवा जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति अभियान, स्वच्छता अभियान एवं युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ने के लिए अनेक जागरूकता कार्यक्रम चलाए हैं।

उन्होंने 7 बार रक्तदान किया तथा विभिन्न सामाजिक अभियानों के माध्यम से युवाओं को समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी उन्होंने सैकड़ों पौधे लगाकर एवं पौधों का वितरण कर लोगों को जागरूक करने का कार्य किया। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं युवा मंचों के साथ मिलकर महिला सशक्तिकरण, जल संरक्षण, स्वच्छता, युवा नेतृत्व एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके सामाजिक योगदान, नेतृत्व क्षमता एवं युवाओं के बीच सकारात्मक प्रभाव को देखते हुए उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद भरत सिंह राठौड़ ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी युवाओं का सम्मान है, जो समाज और राष्ट्र के लिए नि:स्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी समाज सेवा एवं युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते रहेंगे और युवाओं को सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करेंगे। भरत सिंह राठौड़ ने कहा कि उनका उद्देश्य हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने, उन्हें समाज सेवा से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का रहा है।

उन्होंने कहा कि आज के युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि युवाओं को सही दिशा एवं अवसर मिले तो वे समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि वे भविष्य में भी युवाओं को शिक्षा, जागरूकता, नेतृत्व एवं सामाजिक कार्यों के माध्यम से प्रेरित करते रहेंगे तथा उन्हें नशा मुक्त, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। भरत सिंह राठौड़ ने इस सम्मान को अपने परिवार, साथियों एवं उन सभी युवाओं को समर्पित किया जो समाजहित में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें समाज और राष्ट्र के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।