सिख समाज पर राहुल गांधी के आपत्तिजनक बयान के विरोध में भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, सिरसा में फूंका पुतला
BJP protests Rahul Gandhi's objectionable remarks on Sikh community, effigy burnt in Sirsa
mahendra india news, new delhi
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा संसद परिसर में सिख समाज से संबंधित सांसद एवं केंद्रीय मंत्री सरदार रवनीत सिंह बिट्टू के लिए गद्दार जैसे आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। इस निंदनीय बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उन्होंने राहुल गांधी का पुतला फूंका और जोरदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर एडवोकेट यतींद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सिख समाज के प्रति नकारात्मक, अपमानजनक और घृणित सोच अब किसी से छिपी नहीं रही है।
राहुल गांधी का यह बयान कांग्रेस की उसी दुर्भावनापूर्ण मानसिकता को उजागर करता है, जो वर्षों से सिख समुदाय के प्रति रही है। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की गरिमा के विरुद्ध है, बल्कि पूरे सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला है। यतींद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 1984 में हुए सिख नरसंहार के गहरे घाव आज भी सिख समाज के मन में ताजा हैं। उस समय गांधी परिवार की भूमिका को सिख समाज कभी भुला नहीं सकता। कांग्रेस पार्टी ने कभी भी उस ऐतिहासिक अन्याय के लिए सिख समाज से सच्चे दिल से माफी नहीं मांगी,
और आज राहुल गांधी द्वारा दिए गए ऐसे शब्द उसी पीड़ा को फिर से कुरेदने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह बयान अत्यंत घोर, आपत्तिजनक और निंदनीय है। इसके लिए राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को केवल सिख समाज से ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता से बिना किसी शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। यह बयान न केवल असंवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि सिख समाज के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति पर सीधा आघात है। यतींद्र सिंह ने कहा कि सिख समाज ने सदैव देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिए हैं। चाहे देश की सीमाओं की सुरक्षा हो या आंतरिक संकट, सिख समाज हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहा है।
ऐसे गौरवशाली इतिहास वाले समाज को अपमानित करना पूरे राष्ट्र का अपमान है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ नेता को अपने शब्दों की मर्यादा और जिम्मेदारी का एहसास होना चाहिए। संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहां संवाद शालीनता और सम्मान के साथ होना चाहिए, न कि अपशब्दों और दुर्भावनापूर्ण टिप्पणियों के माध्यम से। यतींद्र सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी ने अपने इस बयान पर शीघ्र सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो भारतीय जनता पार्टी देशभर में चरणबद्ध आंदोलन करेगी। भाजपा कार्यकर्ता सिख समाज के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी जगदीश चोपड़ा, जिला महामंत्री अम्बर मेहता, अमन चोपड़ा, मीडिया प्रभारी देवराज मोइल, जिला सचिव अमरीक सिंह राही, जिला सचिव सुमन सैनी, सुनील बामनिया, सनप्रीत सोढ़ी, कृष्ण मेहता, ललित छिंपा, सुमित मेहता, राघव गुप्ता, हेमंत सैनी, सुनील मेहता, अंग्रेज सिंह औलख, करण बत्रा, सोनू बंसल, अश्वनी शर्मा, गगनदीप सिंह, सुनील बहल, आजाद बाहिया, दीक्षित जसूजा, शिवम सैनी, लखविंदर सिंह एलएस, साहिल कुमार, जय सैनी, विजय सेन, नरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।