बीकेई ने गांव फग्गू में बकाया बीमा क्लेम, बकाया मुआवजा व अनाज मंडियों में बायोमेट्रिक वाले तुगलकी फरमान को लेकर की मीटिंग: लखविंदर सिंह औलख

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा। भारतीय किसान एकता बीकेई प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने गांव फग्गू मीटिंग में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की किसान व मजदूर विरोधी नीतियों से किसानों के हालात बद से बदतर हो गए हैं। किसान बैंकों व साहूकारों के कर्ज में डूबता जा रहा है। पिछले कई सालों से नरमे की उपज नहीं हो पा रही है। खरीफ-2025 में भारी बरसात, जल भराव व बाढ़ से फसलें खराब हो गई थी। गांव फग्गू में खराब हुई फसलों का अभी तक बीमा क्लेम या मुआवजा जारी नहीं किया गया है।

औलख ने कहा कि हमारी जिला प्रशासन व सरकार से अपील है कि जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसल का बीमा करवाया है, उन्हें जल्द बीमा क्लेम जारी किया जाए और जिन किसानों ने फसल बीमा नहीं करवाया है, उन्हें खराब हुई फसल का बनता मुआवजा दिया जाए। कालांवाली तहसील में खरीफ-2020 का बकाया मुआवजा कई किसानों को अभी तक नहीं दिया गया है। कई किसानों के मुआवजे के चेक एसबीआई बैंक कालांवाली ने कई महीनों से अपने पास रखे हुए हैं, उनकी पेमेंट किसानों को नहीं की गई है। उसमें फग्गू गांव के भी किसान शामिल है, खरीफ 2020 का बकाया मुआवजा भी जारी किया जाए। फग्गू अनाज मंडी में धान खरीद में नमी के नाम पर किसानों से लूट हुई थी 20 किलो प्रति क्विंटल तक वजन में कटौती की गई थी,

किसानों की इस लूट में कालांवाली मार्केट कमेटी के सचिव वेयरहाउस के डीएम तथा राइस शेलर मालिक मिले हुए थे। फग्गू मंडी धान घोटाले पर बनी कमेटी को हमने इनके खिलाफ सारे सबूत दे दिए हैं, लेकिन अभी तक इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके किसानों की भरपाई नहीं करवाई गई है। उपायुक्त सिरसा से हमारी अपील है कि इन पर तुरंत मुकदमा दर्ज करवाया जाए। हरियाणा सरकार ने तुगलकी फरमान जारी करते हुए मंडियों में फसल बेचने के लिए मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों का बायोमेट्रिक अनिवार्य कर दिया है। गेहूं व अन्य फसलों को लेकर आने वाले ट्रैक्टर पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित जरूरी है,

क्योंकि उसकी फोटो की जाएगी। इन सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही किसानों को टोकन जारी किया जाएगा और वह अपनी फसल भेज पाएगा। हरियाणा सरकार ने 'करे कोई भरे कोई' की कहावत सच करते हुए साबित कर दिया है कि धान खरीदी में घोटाला अधिकारियों, कर्मचारियों और व्यापारियों ने किया और फसल बेचने के लिए परेशान किसानों को किया जा रहा है। औलख ने कहा कि कई किसानों ने अपना फसल पंजीकरण नहीं करवाया है। इसलिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल दोबारा खोला जाए, ताकि पंजीकरण से वंचित किसान अपनी फसल का पंजीकरण करवा सकें। हरियाणा सरकार द्वारा बिना किसी शर्त के किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जाएं।

इस मीटिंग में बीकेई से सरबजीत कंबोज, बलकार सिंह, शीरा सिंह, निक्का सिंह, भूतपूर्व सैनिक सुदागर सिंह, मौला सिंह, काका सिंह, जसवीर सिंह, चंद सिंह, आत्मा सिंह, दर्शन सिंह, राज सिंह, जग्गा सिंह, मास्टर जरनैल सिंह, रिछपाल सिंह, गुरचरण सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।