दड़बा कलां में खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता : खेलों की तरफ ध्यान दें युवा वर्ग : चेयरमैन सूरजभान बूमरा
mahendra india news, new delhi
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव दड़बा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (2904) में आयोजित नाथूसरी चौपटा खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता के चौथे दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले उत्साह एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुए। प्रतियोगिता में खंड के लगभग 70 टीमों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इससे पहले खेलकूद प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले शुरू करवाते हुए ब्लॉक समिति नाथूसरी चौपटा चेयरमैन सूरजभान बुमराह ने कहा कि युवा वर्ग खेलों की तरफ विशेष ध्यान दें। खेलकूद प्रतियोगिता मेें भाग लेना खिलाड़ी की पहली जीत होती है। इसमें हार जीत कोई मयाने नहीं रखती है। कार्यक्रम मेें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पोहडक़ा के प्राचार्य सुरेश पूनिया तथा ब्लॉक समिति सदस्य प्रतिनिधि महेंद्र सिंह मेहरा ने भी खिलाडय़िों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम बताया तथा उन्हें भविष्य में जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान बैडमिंटन, शतरंज, योग, खो-खो, कबड्डी तथा एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएँ आयोजित की गईं। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, रिले दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, गोला फेंक एवं चक्का फेंक प्रतियोगिताएँ आकर्षण का केंद्र रहीं। बैडमिंटन अंडर-19 बालक वर्ग में मेजबान विद्यालय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दड़बा कलां के खिलाडय़िों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विजेता खिलाडय़िों को गांव की सरपंच संतोष बेनीवाल, खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी उमेद ढाका तथा जोनल सचिव शिशपाल ढाका द्वारा पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाडय़िों के अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में विद्यालय के अमित चौहान, अनिल, रोहताश कुमार, फलकू राम, दीपक नेहरा, ललिता रानी, नविता तथा शीला ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के सफल एवं पारदर्शी संचालन में बलवंत एवं जोगिंदर ठाकुर (एथलेटिक्स), विनोद (योग), अशोक (बैडमिंटन), संदीप जी (शतरंज), महाबीर एवं मुकेश (खो-खो) तथा पवन एवं भोलू (कबड्डी) ने रेफरी एवं निर्णायक के रूप में सराहनीय योगदान दिया।