हरियाणा प्रदेश में थम सकते हैं इस दिन से बसों के पहिए, रोडवेज के कर्मचारी करेंगे प्रदेशव्यापी हड़ताल
mahendra india news, new delhi
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के बैनर तले फतेहाबाद डिपो में कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर डिपो महाप्रबंधक के माध्यम से परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इससे पहले दो घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।
रोडवेज कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि हरियाणा प्रदेश सरकार ने जल्द वार्ता कर मांगों का समाधान नहीं किया तो 5 सितंबर को हरियाणा प्रदेश में रोडवेज कर्मचारी पूर्ण हड़ताल करेंगे।
कर्मचारियों की मांग है कि खाली पड़े चालकों, परिचालकों, हेल्परों और मैकेनिकों के पद स्थायी भर्ती से भरे जाएं। चालकों और परिचालकों के पे-ग्रेड में बढ़ोतरी, परिचालकों को तीन विशेष वेतन वृद्धियां तथा जोखिम भत्ता दिया जाए।
कर्मचारियों ने वर्ष 2016 के चालकों को स्थायी करने, वर्ष 2018 के कर्मशाला कर्मचारियों को तकनीकी पदों पर पदोन्नति देने तथा एचकेआरएन कर्मचारियों को नियमित करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा इलेक्ट्रिक बसों की ठेका व्यवस्था बंद करने और रोके गए अर्जित अवकाश बहाल करने की मांग की गई।
हरियाणा रोडवेज के यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारी आमजन को परेशान नहीं करना चाहते, लेकिन सरकार की अनदेखी के कारण आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 5 सितंबर को प्रदेशभर में बसों के पहिए थम सकते हैं।