CA हिमिज खन्ना बने आईसीएआई सिरसा शाखा के अध्यक्ष
mahendra india news, new delhi
भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान की सिरसा शाखा का सीए हिमिज खन्ना को अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है, जोकि सिरसा के लिए गर्व की बात है। नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष अश्वनी अरोड़ा, सचिव सीए परवीन कुमार, कोषाध्यक्ष सीए परीक्षित गर्ग तथा कार्यकारिणी सदस्य सीए अतुल जैन और सीए मोहित भारती शामिल हैं। सभी पदाधिकारियों ने सदस्यों द्वारा जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।
अध्यक्ष सीए हिमिज खन्ना ने कहा कि वे सीए सदस्यों के विकास और उन्नति के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि शाखा में पेशेवर कौशल को बढ़ावा देने के लिए नियमित सेमिनार, कार्यशालाएं और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सदस्यों को अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का अवसर मिले। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
उनका कहना था कि विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन, आधुनिक शिक्षा संसाधन और सकारात्मक माहौल प्रदान करना शाखा की प्राथमिकता रहेगी। सीए हिमिज खन्ना ने कहा कि सभी सदस्यों ने मुझ पर जो विश्वास और भरोसा जताया है, उसे बनाए रखना मेरी पहली जिम्मेदारी है। मैं पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए शाखा के समग्र विकास के लिए प्रयासरत रहूंगा। नई कार्यकारिणी ने एकजुट होकर शाखा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने, पेशेवर मानकों को सुदृढ़ करने तथा सदस्यों और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने का संकल्प लिया।