सिरसा में कैंसर जागरूकता अभियान की शुरुआत, 20 स्कूलों में चलाया जाएगा विशेष कार्यक्रम 

 

 सिरसा, 28 अप्रैल।
हरियाणा उच्च माध्यमिक शिक्षा विभाग की पहल और राइट टू लाइफ फाउंडेशन हरियाणा के सहयोग से, जिले में कैंसर जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत जिले के 20 सरकारी व निजी स्कूलों को कवर किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साई ने बताया कि अभियान के पहले दिन डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, सतलुज सीनियर सेकेंडरी स्कूल और जय भारत हाई स्कूल में विद्यार्थियों को कैंसर के कारण, उससे बचाव के उपाय, तंबाकू से होने वाले कैंसर, उसके उपचार, जांच प्रक्रिया और विभिन्न स्टेज के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।


इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उनके माध्यम से अभिभावकों, विशेषकर माताओं तक भी संदेश पहुंचाना है। बच्चों को स्वयं और अपने परिवार के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि यदि महिलाएं हर महीने स्वयं की जांच करें तो स्तन कैंसर का शुरुआती चरण में ही पता लगाया जा सकता है।
इसके साथ ही एचपीवी वायरस और उससे बचाव के लिए वैक्सीनेशन के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि 11 से 14 वर्ष की अधिक से अधिक बच्चियां इस टीकाकरण अभियान में शामिल हो सकें, 45 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को नियमित रूप से पैप स्मीयर टेस्ट करवाने की सलाह दी गई।


कार्यक्रम में प्रिवेंटिव ऑन्कोलॉजिस्ट एवं राइट टू लाइफ फाउंडेशन की संस्थापक सचिव डॉ. रत्नला तुलसी कुमारी, डीएवी पुलिस लाइन के प्राचार्य नरेंद्र सिंह दहिया, श्री राम न्यू सतलुज सीनियर सेकेंडरी स्कूल की निदेशक शशी सचदेवा, जय भारत स्कूल के निदेशक देवेंद्र सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।
अभियान के तहत इच्छुक व्यक्ति 1 मई तक संपर्क कर सकते हैं। साथ ही फिजियो-ऑन्कोलॉजी और ऑन्को-न्यूट्रिशन से संबंधित डाइट चार्ट की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।