सिरसा की आदर्श कॉलोनी में पेड़ों की कटाई का मामला, डीसी और सीएम को शिकायत; FIR की मांग

 

mahendra india news, new delhi
आदर्श कॉलोनी, बरनाला रोड, वार्ड नं. 3, सिरसा में हरे-भरे जीवित पेड़ों की अवैध कटाई पर संज्ञान लेते हुए तुरंत एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर जितिन गोयल पुत्र स्वर्गीय कैलाश गोयल ने मुख्यमंत्री, जिला वन अधिकारी, सिरसा, उपायुक्त सिरसा व प्रशासक, नगर परिषद सिरसा
को शिकायत भेजी है। शिकायत में जितिन गोयल ने बताया कि आदर्श कॉलोनी, बरनाला रोड, वार्ड नं. 3, अग्रवाल पीर, ज्वाला जी मंदिर के सामने, सिरसा में उक्त स्थान पर खड़े हरे-भरे, जीवित पेड़ों को बिना किसी सरकारी अनुमति के काट दिया गया है।

यही नहीं पेड़ काटने वालों ने वन विभाग से कोई अनुमति नहीं ली। गोयल ने बताया कि यह कटाई वहां चल रहे अवैध निर्माण के लिए की गई है। यह कॉलोनी वैसे भी अनअप्रूव्ड है। इस निर्माण कार्य हेतु कोई सरकारी परमिशन नहीं ली गई है और ना ही किसी विभाग से निर्माण का नक्शा पास करवाया गया है। बिना नक्शा पास करवाए ही अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्य न्यायाधीश पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट शील नागू की खंडपीठ ने आदेश दिया था कि राज्य में किसी भी उम्र के किसी भी पेड़ को हाईकोर्ट की अनुमति के बिना नहीं काटा जाएगा।

इसी को आगे बढ़ाते हुए माननीय हाईकोर्ट ने हरियाणा में भी पेड़ों की कटाई पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है और आदेश दिया है कि अगले आदेश तक हाईकोर्ट की पूर्व अनुमति के बिना हरियाणा में कहीं भी एक भी पेड़ नहीं काटा जा सकता। उन्होंने मांग की कि डीएफओ, सिरसा को मौके का पंचनामा करवाया जाए, एसएचओ, सिरसा को हरे पेड़ काटने वालों पर तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए व नगर परिषद सिरसा को बिना नक्शा पास करवाए हो रहे इस अवैध निर्माण को तुरंत सील करने का आदेश दिया जाए।