दिल्ली पब्लिक स्कूल सिरसा में सीबीएसई द्वारा थ्योरी ऑफ नॉलेज कार्यशाला आयोजित
mahendra india news, new delhi
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के तत्वावधान में दिल्ली पब्लिक स्कूल, सिरसा में एक दिवसीय कार्यशाला का 28/02/2026 को आयोजन किया गया, जिसका मुख्य विषय थ्योरी आॅफ नॉलेज रहा। कार्यशाला का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या रमा दहिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि ज्ञान केवल जानकारी प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे सही दृष्टिकोण और विवेक के साथ आत्मसात करना ही वास्तविक शिक्षा है। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में श्वेता एवं डॉ. संजय कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने अपने ज्ञान एवं अनुभव के माध्यम से शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, समालोचनात्मक चिंतन तथा नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराया, जिससे कक्षा शिक्षण को और अधिक प्रभावी एवं रोचक बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों एवं समूह चर्चाओं का आयोजन भी किया गया, जिनमें सभी शिक्षकगण ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इन गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को विद्यार्थियों में तार्किक सोच, विश्लेषणात्मक क्षमता तथा आत्मविश्वास विकसित करने के उपाय बताए गए। अंत में प्राचार्या रमा दहिया ने वक्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि भविष्य में भी विद्यालय में इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, ताकि शिक्षा के वास्तविक उद्देश्यों की पूर्ति हो सके और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।