सीडीएलयू SIRSA के छात्रों ने लवली एग्रो प्रोडक्ट्स का किया दौरा
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के एमबीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एक शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस संबंध में जानकरी देते हुए विभाग के अध्यक्ष प्रो. संजीत कुमार ने बताया कि यह भ्रमण विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार एवं कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि इससे उन्हें वास्तविक कार्य वातावरण, उत्पादन प्रक्रिया एवं उद्योग की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं आत्मविश्वास को सुदृढ़ करते हैं।
इस भ्रमण के अंतर्गत विद्यार्थियों को कालांवाली स्थित लवली एग्रो प्रोडक्ट्स का दौरा करवाया गया, जहां उन्होंने उद्योग से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं को नजदीक से समझा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को कंपनी की उत्पादन इकाई का विस्तृत अवलोकन करवाया गया। कंपनी का प्रमुख ब्रांड ‘फंडूश’ है, जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रकार के पेय पदार्थ जैसे फल जूस, जीरा ड्रिंक, एप्पल फिज़ तथा मैंगो ड्रिंक का निर्माण किया जाता है। विद्यार्थियों ने उत्पादन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण जैसे कच्चे माल के चयन से लेकर प्रोसेसिंग, पैकेजिंग एवं गुणवत्ता नियंत्रण को प्रत्यक्ष रूप से देखा और समझा।
इस अवसर पर कंपनी के प्रबंध निदेशक भरत भूषण ने विद्यार्थियों को पेय पदार्थ उद्योग की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों एवं भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सरल भाषा में उत्पादन प्रक्रिया को समझाते हुए विद्यार्थियों के साथ संवाद किया तथा उनके प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दिया। यह संवाद सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा।
विभाग के शिक्षकों ने भी कहा कि ऐसे औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं, जिससे उनके कौशल, समझ एवं रोजगार की संभावनाओं में वृद्धि होती है। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। इस औद्योगिक भ्रमण में प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रभारी डॉ. समीश खुंगर, डॉ. विपिन कुमार, डॉ. अमित कुमार तथा पीएचडी शोधार्थी पूजा स्वामी, दीपिका मित्तल, सुमित एवं कार्यालय स्टाफ मोनू भी उपस्थित रहे।