जनगणना-2027: हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का लेआउट मैप बनाने, हाउस लिस्टिंग एप पर डाटा दर्ज करने बारे फील्ड ट्रेनरों को दिया प्रशिक्षण
Mahendra india news, new delhi
जनगणना कार्य की तैयारियों को लेकर पंचायत भवन में फील्ड ट्रेनर्स की कार्यशाला के दूसरे दिन हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का लेआउट मैप बनाने, हाउस लिस्टिंग एप पर डाटा दर्ज करने तथा हाउस लिस्टिंग के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु व एसोसिएट प्रोफेसर एवं मास्टर ट्रेनर सुरेंद्र कुमार द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से हाउस लिस्टिंग ब्लॉक लेआउट मैप तैयार करने की विधि समझाई गई, ताकि प्रत्येक क्षेत्र का सटीक और व्यवस्थित विवरण तैयार किया जा सके। इसके साथ ही, कर्मचारियों को हाउस लिस्टिंग ऐप को मोबाइल में इंस्टॉल करने, लॉगिन करने तथा उसे प्रभावी ढंग से संचालित करने का अभ्यास भी कराया गया।
मास्टर ट्रेनर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि डिजिटल माध्यम से जनगणना कार्य को अधिक पारदर्शी और तेज बनाया जा रहा है। फील्ड ट्रेनर्स को ऐप के माध्यम से डाटा एंट्री, त्रुटियों से बचाव तथा समय पर जानकारी अपलोड करने के तरीकों से भी अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान हाउस लिस्टिंग से संबंधित सभी 34 प्रश्नों को विस्तार पूर्वक समझाया गया। इन प्रश्नों में परिवार की संरचना, आवास की स्थिति, सुविधाओं की उपलब्धता और अन्य सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं। फील्ड में आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि सही और सटीक आंकड़े जुटाने के लिए फील्ड ट्रेनर्स की भूमिका बेहद अहम है। इसलिए प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें पूरी जानकारी दी जा रही है, ताकि जनगणना कार्य बिना किसी त्रुटि के संपन्न हो सके। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया और उन्हें जिम्मेदारी के साथ अपने कार्य को निभाने के लिए प्रेरित किया गया।