निरंकारी बाल संत समागम में बच्चों को मिले मानवता और संस्कारों के अनमोल संदेश

 

mahendra india news, new delhi
संत निरंकारी सत्संग भवन, सिरसा में सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद से निरंकारी बाल संत समागम का भव्य आयोजन किया गया। समागम में सिरसा शहर के अलावा दरबी, नटार, सालारपुर तथा अन्य अनेक शाखाओं से आए सैकड़ों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


समागम का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही मानवीय मूल्यों, नैतिक संस्कारों, प्रेम, करुणा, सहनशीलता एवं आध्यात्मिक चेतना का विकास करना था। वक्ताओं ने कहा कि बाल्यावस्था में दिए गए संस्कार ही भविष्य के समाज की दिशा निर्धारित करते हैं। यदि बच्चों को मानवता, भाईचारे और सद्भाव के मूल्य सिखाए जाएं तो आने वाला विश्व अधिक सुंदर, शांतिपूर्ण और सुखद बन सकता है। इस अवसर पर संत निरंकारी मंडल सिरसा शाखा के संयोजक जसविंदर कुमार एवं मंच पर विराजमान सतगुरु स्वरूप यूथ महात्मा संदीप आहूजा ने कहा कि निरंकारी बाल संत समागम बच्चों को अच्छे संस्कारों से जोड़ने एवं सदा रहने वाले सत्य अर्थात परमात्मा से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न शाखाओं से आए बच्चों ने समागम के माध्यम से मानवता, सेवा, प्रेम और एकता के संदेश को ग्रहण किया है, जिसे वे अपने जीवन में अपनाकर समाज को नई दिशा प्रदान करेंगे। समागम में बच्चों द्वारा प्रेरणादायक प्रस्तुतियां, भजन, कविताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित संगत का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों एवं श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। समागम का समापन मानव एकता, विश्व शांति एवं सर्वकल्याण की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।