सिरसा जिला के गांव में सीआईए ऐलनाबाद ने लाखों रूपये की हेरोइन सहित युवक दबोचा
mahendra india news, new delhi
सिरसा जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने शनिवार को देर शाम कार्रवाई करते हुए गांव मंगाला से एक युवक को लाखों रूपए की 64 ग्राम 13 मिलीग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना सदर सिरसा में मामला दर्ज कर आगे की जांच सदर थाना पुलिस को सौंपी गई है।
सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान सिरसा से गांव मंगाला की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव के पास एक युवक पैदल आता दिखाई दिया । उक्त युवक ने सानने पुलिस की गाड़ी देखकर घबरा गया और अचानक वापस मुडक़र भागने लगा। उसकी संदिग्ध हरकत पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर युवक की पैंट की जेब से 64 ग्राम 13 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिल्लू पुत्र विजय कुमार निवासी गांव मंगाला के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की भी तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है । उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।